पिछले कुछ समय में तीन दिग्गज कंपनियों पेटीएम (Paytm) की पेटीएम पेमेंट्स बैंक, IIFL Finance और जेएम फाइनेंशियल के खिलाफ RBI और SEBI ने कड़ी कार्रवाई की है। इन पर नियामकीय कार्रवाई ने मार्केट को हिलाकर रख दिया है। हालांकि महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप के सीईओ और एमडी अनीष शाह के मुताबिक इन कार्रवाई से फाइनेंशियल सर्विस इंडस्ट्री को फायदा होगा। मनीकंट्रोल के साथ बातचीत में उन्होंने ये बातें कहीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा ग्रुप भी इस इंडस्ट्री में है। एमएंडएम की गाड़ियों के लिए महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज सबसे बड़ी फाइनेंसर है। क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च के मुताबिक वित्त वर्ष 2023 के आंकड़ों के हिसाब से इसने एमएंडएम की करीब 40 यूटिलिटी वीईकल्स और 31 फीसदी ट्रैक्टर के बिक्री को फाइनेंस किया था।
