Recode Studios IPO Listing: ब्यूटी और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स बेचने वाली रिकोड स्टूडियोज के शेयरों की आज BSE SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को भी निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और इसे ओवरऑल 234 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹158 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज BSE SME पर इसकी ₹213.10 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 34.87% का लिस्टिंग गेन (Recode Studios Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹223.75 (Recode Studios Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 41.61% मुनाफे में हैं।
Recode Studios IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
रीकोड स्टूडियोज का ₹45 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 5-7 मई तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 234.64 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 137.99 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 404.76 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 216.65 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹39 करोड़ के नए शेयर जारी हुए हैं। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 3,19,200 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिके हैं। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिला है। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹5.74 करोड़ पंजाब के लुधियाना में नए वेयरहाउस फैसिलिटी के सेटअप, ₹5.41 करोड़ मार्केटिंग और ऐड, ₹19.50 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Recode Studios के बारे में
वर्ष 2021 में बनी 'रिकोड' ब्रांड की ब्यूटी और पर्सनल केयर कंपनी रिकोड स्टूडियोज ओमनीचैनल नेटवर्क के जरिए अपने प्रोडक्ट्स बेचती है। इसके तहत कंपनी के पास अपने खुद के स्टोर्स हैं, फ्रेंचाइजी स्टोर्स हैं। इसके अलावा यह थर्ड पार्टी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ अपने खुद के वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए भी प्रोडक्ट्स की बिक्री करती है। देश के 14 राज्यों में इसके 24 स्टोर्स हैं जिसमें से 3 तो इसके खुद के हैं। इसके प्रोडक्ट रेंज में मेक-अप, स्किनकेयर, बॉडी केयर और ब्यूटी एक्सेसरीज हैं। कंपनी के आईपीओ ड्राफ्ट के मुताबिक अलग-अलग कैटेगरीज और प्राइस प्वाइंट्स पर इसके 350 से अधिक SKUs (स्टॉक कीपिंग यूनिट्स) हैं। इसके प्रोडक्ट्स को थर्ड पार्टी बनाती है।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹69 लाख का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में घटकर ₹27 लाख ही रह गया लेकिन फिर वित्त वर्ष 2025 में यह तेजी से बढ़कर ₹3.30 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में लगातार ग्रोथ दिखी और यह सालाना 46% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹47.94 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹9.06 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹57.45 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। दिसंबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹3.43 करोड़ का कर्ज था और रिजर्व और सरप्लस में ₹9.70 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।