Rekha Jhunjhunwala ने खरीदे KM शुगर मिल्स के शेयर, इन 6 स्टॉक्स में घटाई हिस्सेदारी

Rekha Jhunjhunwala Shares: दिसंबर तिमाही के अंत तक रेखा झुनझुनवाला के पास 26 कंपनियों के शेयर थे, जिनकी वैल्यू 4.9 बिलियन डॉलर थी। इसमें से अब तक 13 कंपनियों ने मार्च तिमाही के अपने शेयरहोल्डिंग पैटर्न की जानकारी दी है। इन 13 में से 6 कंपनियों में उन्होंने अपनी हिस्सेदारी घटाई है। वहीं 6 कंपनियों में उन्होंने कोई बदलाव नहीं किया

अपडेटेड Apr 17, 2024 पर 5:39 PM
Rekha Jhunjhunwala ने मार्च तिमाही के दौरान KM शुगर मिल्स के 5 लाख शेयर खरीदे

Rekha Jhunjhunwala Shares: दिग्गज दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला की पत्नी और उनके संपत्ति की वारिस, रेखा झुनझुनवाला ने मार्च तिमाही के दौरान अपने पोर्टफोलियो में कुछ बदलाव किए हैं। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, दिसंबर तिमाही के अंत तक रेखा झुनझुनवाला के पास 26 कंपनियों के शेयर थे, जिनकी वैल्यू 4.9 बिलियन डॉलर थी। इसमें से अब तक 13 कंपनियों ने मार्च तिमाही के अपने शेयरहोल्डिंग पैटर्न की जानकारी दी है। इन 13 में से 6 कंपनियों में उन्होंने अपनी हिस्सेदारी घटाई है। वहीं 6 कंपनियों में उन्होंने कोई बदलाव नहीं किया। इसके अलावा मार्च तिमाही केदौरान उन्होंने अपने पोर्टफोलियो में एक नया शेयर भी जोड़ा है।

रेखा झुनझुनवाला ने जिन 6 कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी घटाई है, उनमें क्रिसिल (Crisil), टाटा कम्युनिकेशंस (Tata Communications), फोर्टिस हेल्थकेयर (Fortis Healthcare), राघव प्रोडक्टिविटी एन्हांसर (Raghav Productivity Enhancers), एनसीसी (NCC) और केनरा बैंक (Canara Bank) शामिल हैं।

वहीं उन्होंने मार्च तिमाही के दौरान एक नई कंपनी, केएम शुगर मिल्स लिमिटेड (KM Sugar Mills Ltd) में निवेश किया है। झुनझुनवाला ने KM शुगर मिल्स के 5 लाख शेयर खरीदे हैं। यह कंपनी की 0.54 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।


दूसरी ओर रेखा झुनझुनवाला ने मार्च तिमाही के दौरान क्रिसिल के 20,000 शेयर बेचे। इससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी पहले के 5.47 प्रतिशत से थोड़ी कम होकर 5.44 प्रतिशत हो गई। इसी तरह, टाटा कम्युनिकेशंस लिमिटेड में उन्होंने लगभग 7.34 लाख शेयर बेचे, जिससे उनकी हिस्सेदारी मार्च तिमाही के अंत में 1.84 प्रतिशत से घटकर 1.58 प्रतिशत हो गई।

इसके अलावा फोर्टिस हेल्थकेयर में रेखा झुनझुनवाला ने मार्च तिमाही के दौरान 44.28 लाख शेयर बेचे। इससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी घटकर 4.07 प्रतिशत पर आ गई, जो पहले दिसंबर तिमाही के अंत में 4.66 फीसदी थी। राघव प्रोडक्टिविटी एन्हांसर के भी झुनझुनवाला ने 12,400 शेयर बेचे, जिसके चलते इस कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 5.12 प्रतिशत से घटकर 5.06 प्रतिशत हो गई।

वहीं NCC में झुनझुनवाला ने मार्च तिमाही के 38.07 लाख शेयर बेचे, जिससे कंपनी में उनकी हिस्सेदारी 13.09 फीसदी से घटकर 12.49 फीसदी पर आ गई। इसके अलावा केनरा बैंक के उन्होंने मार्च तिमाही के दौरान 1.13 करोड़ शेयर बेचे। इससे मार्च तिमाही में उनकी हिस्सेदारी 2.07 फीसदी से घटकर 1.45 फीसदी पर आ गई।

यह भी पढ़ें- वेदांता पर लगा ₹27.97 करोड़ का जीएसटी जुर्माना, आदेश के खिलाफ अपील दायर करेगी कंपनी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।