Reliance Industries बनी ₹17 लाख करोड़ की कंपनी, शानदार नतीजे पर शेयर चढ़े 8% ऊपर, 6 साल में सबसे तेज

शेयरों में 8% से अधिक की तेजी के साथ ही रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) का मार्केट कैप ₹17 लाख करोड़ के पार हो गया। इसके शेयरों में आज छह साल बाद इंट्रा-डे में सबसे बड़ी तेजी आई है। डिटेल्स में पढ़ें

अपडेटेड Nov 02, 2026 पर 1:22 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सितंबर तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) का रेवेन्यू, मुनाफा और ईबीआईटीडीए रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया।

Reliance Share Price: सितंबर 2026 तिमाही के रिकॉर्डतोड़ नतीजे और ब्रोकरेजेज के बुलिश रुझान पर रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 8% से अधिक उछल पड़े और इसका मार्केट कैप ₹17 लाख करोड़ के पार हो गया। रिलायंस के शेयर आज 2 नवंबर को इंट्रा-डे में अप्रैल 2020 के बाद से यानी छह साल से अधिक समय में सबसे तेज स्पीड से ऊपर चढ़े। इस तेजी के साथ यह निफ्टी का टॉप गेनर बन गया और निफ्टी की तेजी में सबसे बड़ी भूमिका इसी की रही।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर फिलहाल बीएसई पर 7.57% की बढ़त के साथ ₹1,251.65 पर है। इंट्रा-डे में यह 8.29% उछलकर ₹1,260.00 तक पहुंचा था। इस तेजी के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप करीब ₹17.05 लाख करोड़ हो गया।

Reliance Industries Q2 results: खास बातें


सितंबर तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का रेवेन्यू, मुनाफा और ईबीआईटीडीए रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया। इसे अपने ऑयल-टू-केमिकल्स (O2C) बिजनेस, डिजिटल सर्विसेज और रिटेल ऑपरेशंस में जोरदार तेजी से सपोर्ट मिला। कंपनी का कंसालिडेटेड रेवेन्यू सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 28% बढ़कर ₹3.62 लाख करोड़, ईबीआईटीडीए 24% बढ़कर ₹62,409 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 34% उछलकर ₹29,550 करोड़ के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया।

इसके ओ2सी बिजनेस का रेवेन्यू सालाना आधार पर 44.2% बढ़कर ₹2.32 लाख करोड़ के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया और ईबीआईटीडीए 67.9% चढ़कर ₹25,203 करोड़ हो गया। इसका ट्रांसपोर्टेशन फ्यूल क्रैक्स सालाना आधार पर 3 से 3.7 गुना तक बढ़ गया, जोकि एक रिकॉर्ड है।

रिलायंस के डिजिटल सर्विस बिजनेस में भी अच्छी ग्रोथ देखने को मिली। जियो प्लेटफॉर्म्स के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 11.3% की बढ़ोतरी हुई और यह ₹47,485 करोड़ तक पहुंच गया। नए ग्राहकों के जुड़ने, प्रति यूजर औसत रेवेन्यू (ARPU) में बढ़ोतरी और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के दम पर कंपनी का ईबीआईटीडीए 16.6% बढ़कर ₹21,879 करोड़ हो गया।

क्या है ब्रोकरेजेज का रुझान

ब्रोकरेजेज फर्मों गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। रिटेल अर्निंग्स के दबाव में होने के बावजूद मजबूत रिफाइनिंग अर्निंग्स और स्थिर टेलीकॉम ग्रोथ के दम पर ब्रोकरेजेज ने इस पर भरोसा दिखाया है। गोल्डमैन ने इसके शेयरों का टारगेट प्राइस ₹1840 फिक्स किया है। गोल्डमैन का कहना है कि सितंबर तिमाही में रिलायंस का ईबीआईटीडीए उसके अनुमान से 9% अधिक रहा। नोमुरा ने भी ₹1560 के टारगेट प्राइस पर रिलायंस को खरीदने की सलाह दी है। नोमुरा का कहना है कि रिफाइनिंग क्रैक्स के कई दशकों के हाई पर पहुंचने से इसकी कमाई को सपोर्ट मिला है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।