RITES Share Price : 9 मार्च को शुरुआती कारोबार में राइट्स के शेयर की कीमत लगभग 3 फीसदी गिर गई। हालांकि, कंपनी को 45.18 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर मिला है। फिलहाल सुबह 10:00 बजे के आसपास NSE पर RITES का शेयर 5.96 रुपये या 2.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 200.66 रुपये पर दिख रहा था। पश्चिम बंगाल सरकार के पब्लिक वर्क्स (रोड्स) डायरेक्टरेट ने RITES को मुरीगंगा नदी पर प्रस्तावित चार-लेन वाले एक्स्ट्रा-डोज़्ड पुल के निर्माण के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट (PMC) के तौर पर कंसल्टेंसी सर्विस देने का कॉन्ट्रैक्ट दिया है।
इस पुल में कचुबेरिया (सागर आइलैंड) को पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले के काकद्वीप से जोड़ने वाली अप्रोच रोड शामिल होंगी। यह प्रोजेक्ट 48 महीनों में पूरा किया जाना है।
साउथ वेस्टर्न रेलवे से भी मिला बड़ा ऑर्डर
इसके अलावा,कंपनी को मैसूरु-हासन-मंगलुरु सेक्शन पर रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन काम के लिए साउथ वेस्टर्न रेलवे से 729.28 करोड़ रुपये के रिवाइज्ड एस्टिमेट भी मिले हैं। इसमें हासन-अर्सिकेरे लाइन भी शामिल है। यह प्रोजेक्ट कॉस्ट-प्लस टर्नकी बेसिस पर मिला है।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर एक नजर
दिसंबर 2025 को खत्म हुई तिमाही में कंपनी का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफ़िट हल्की बढ़त के साथ 95.51 करोड़ रुपये रहा था। जबकि, इस अवधि में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 4.5 फीसदी बढ़कर 569.18 करोड़ रुपये पर रहा था।
पिछले ट्रेडिंग सेशन में यह शेयर 4.55 रुपये या 2.25 फीसदी बढ़कर 206.35 रुपये पर बंद हुआ था। शेयर ने 05 जून, 2025 और 04 मार्च, 2026 को 52-हफ़्ते का हाई (316.15 रुपये )और 52-हफ़्ते का लो (196.00 रुपये) छुआ था। अभी यह स्टॉक अपने 52-हफ़्ते के हाई से 34.73 फीसदी नीचे और अपने 52-हफ़्ते के लो से 5.28 फीसदी ऊपर ट्रेड कर रहा है। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन 9,917.26 करोड़ रुपये है।