Ruchi Soya के FPO ने सिर्फ 3 हफ्तों में निवेशकों को दिया 70% का रिटर्न, क्या आपने भी लगाया पैसा?

Ruchi Soya Share Price: रुचि सोया ने अपना FPO 650 रुपये के भाव पर लॉन्च किया था और 8 अप्रैल को लिस्टिंग के बाद से ही इसमें लगातार उछाल देखी जा रही है

अपडेटेड Apr 29, 2022 पर 4:05 PM
Ruchi Soya को पंतजलि आयुर्वेद ने साल 2019 में 4,350 करोड़ रुपये में खरीदा था

Ruchi Soya Shares: रुचि सोया के फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) में पैसा लगाने वाले निवेशकों को महज तीन हफ्तों के अंदर ही 70 फीसदी का तगड़ा रिटर्न मिल चुका है। रुचि सोया का FPO, बीते 8 अप्रैल को शेयर बाजार में लिस्ट हुआ था। Ruchi Soya ने अपना FPO 650 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लॉन्च किया था, जो शुक्रवार को 1,104 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। इस तरह सिर्फ पिछले तीन हफ्तों में इसकी कीमत इश्यू प्राइस से करीब 69.8 फीसदी बढ़ चुकी है।

रुचि सोया इंडस्ट्रीज का FPO 24 मार्च से 28 मार्च तक निवेशकों के लिए खुला था। कंपनी ने इस एफपीओ के जरिए 4,300 करोड़ रुपये जुटाए थे। Ruchi Soya ने बताया कि उसने इसमें से 2,925 करोड़ रुपये का इस्तेमाल बैंकों का कर्ज चुकाने में किया है और वह FPO के बाद अब एक कर्ज मुक्त कंपनी बन गई है।

रुचि सोया इंडस्ट्रीज के शेयर शुक्रवार को एनएसई पर 2.37 फीसदी की उछाल के साथ 1,104.00 रुपये पर बंद हुए। इसका पिछले 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 1,377 रुपये है, जो इसने 9 जून 2021 को छुआ था।


यह भी पढ़ें- Share Market Live Update: बाजार में गिरावट बढ़ी, सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी 17100 के नीचे फिसला

कंपनी बदलेगी अपना नाम

इस बीच रुचि सोया इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने हाल ही कंपनी का नाम बदलकर पतंजलि फूड्स (Patanjali Foods) करने का फैसला किया है। अभी इस फैसलों पर शेयरहोल्डरों की मंजूरी लेना बाकी है। कंपनी ने कहा, "10 अप्रैल को बोर्ड की हुई बैठक में, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड के फूड पोर्टफोलियो के साथ तालमेल बढ़ाने के सबसे कुशल तरीके का मूल्यांकन करने के लिए अपनी सैद्धांतिक मंजूरी दी। इसके तहत कंपनी के नाम को रुचि सोया इंडस्ट्रीज लिमिटेड से बदलकर पतंजलि फूड्स लिमिटेड करने का फैसला किया गया।"

देश की सबसे बड़ी एडिबल ऑयल कंपनियों में से एक

रुचि सोया देश की सबसे बड़ी ब्रांडेड एडिबल ऑयल पैकेज्ड फूड कंपनी में से एक है। रुचि सोया के पास देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला पॉम आयल ब्रांड 'रुचि गोल्ड' है। इसके अलावा यह "न्यूट्रेला" ब्रांडनेम के साथ देश में सोया फूड्स की सबसे बड़ी मैन्युफैक्चरर और अग्रणी कंपनी है।

2019 में पंतजलि आयुर्वेद ने खरीदा

रुचि सोया को एक दिवालिया प्रक्रिया के जरिए पंतजलि आयुर्वेद ने साल 2019 में 4,350 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह एक एडिबल ऑयल कंपनी है, जिसकी उपस्थित पूरे वैल्यू चेन में मौजूद है। यह अपने उत्पादों को न्यूट्रीला, महाकोश, सनरिच, रुचि गोल्ड और रुचि नं. 1 ब्रांड्स आदि नामों से बेचती है। हाल ही में कंपनी ने आटा और शहद के सेगमेंट में भी एंट्री की है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।