HDFC शुक्रवार को प्राइवेट प्लेसमेंट बेसिस पर बॉन्ड जारी करने जा रही है। कंपनी ने 13 जुलाई को बताया है कि वह अपने इस इश्यू के जरिए बाजार से 5000 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। इस इश्यू के तहत कंपनी सिक्योर्ड रिडीमेबल नॉन -कनवर्टिबल डिबेंचर (NCDs) जारी करेगी जिसकी ब्याज दर 7.77 फीसदी होगी।
इस ब्याज का भुगतान सालाना आधार पर किया जाएगा। इस इश्यू के तहत जारी होने वाले NCDs की परिपक्वता अवधि 4 साल 11 महीने 10 दिन की होगी। इश्यू का प्राइमरी साइज 2500 करोड रुपये की होगा। इसके साथ पूरी तरह सब्सक्राइब होने पर 2,500 करोड़ रुपये का और इश्यू करने का विकल्प भी शामिल होगा। इस तरह इस इश्यू का कुल साइज 5000 करोड़ रुपये का होगा।
इस इश्यू से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी के हाउसिंग फाइनेंस कारोबार की फाइनेंसिंग और री-फाइनेंसिंग में किया जाएगा। इश्यू 15 जुलाई 2022 को खुलकर उसी दिन बंद भी हो जाएगा। इस बॉन्ड इश्यू की प्रबंधक एक्सिस बैंक है।
HDFC के शेयरों की चाल की बात करें तो 11.30 बजे के आसपास एनएसई पर यह शेयर 23 रुपये यानी लगभग 1 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी के साथ 2190 रुपये के आसपास नजर आ रहा था। आज का इस शेयर का लो 2,169.20 रुपये और दिन का हाई 2194.90 रुपए का है। स्टॉक का 52 वीक लो 2026.00 रुपये का है जबकि 52 वीक हाई 3021.10 रुपये का है । स्टॉक का वॉल्यूम 1033,577 करोड़ रुपए है। कंपनी का मार्केट कैप 396,652 करोड़ रुपये है।