समीर अरोड़ा के हेलियोस म्यू्चुअल फंड ने इस साल जनवरी में अपने फ्लैगशिप फंड के पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया। इस फंड ने 5 शेयरों को अपने पोर्टफोलियो से पूरी तरह बाहर कर दिया। इनमें ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, आईसीआईसीआई लोंबार्ड जनरल इंश्योरेंस, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया, हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया और ग्लैक्सोस्मिथलाइन फार्मास्युटिकल्स शामिल हैं। फंड ने फाइनेंशियल्स, डिफेंस और इंडस्ट्रियल शेयरों में निवेश बढ़ाना जारी रखा।
फंड का कुल एसेट करीब 5,929 करोड़ रुपये था
जनवरी 2026 में इस फंड के शेयरों में कुल निवेश की वैल्यू 5,849 करोड़ रुपये थी। यह फंड के कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) का 98.46 फीसदी है। इसका मतलब है कि फंड का कुल एसेट करीब 5,939 करोड़ रुपये था। कैश और दूसरे एसेट्स एयूएम के करीब 1.5 फीसदी थे, जो दिसंबर 2025 में 0.92 फीसदी से ज्यादा थे।
पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी एचडीएफसी बैंक की
इस फंड के पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा 4.78 फीसदी हिस्सेदारी HDFC Bank की थी। इसके बाद ICICI Bank की 4.62 फीसदी, Reliance Industries की 4.52 फीसदी, अदाणी पोर्ट्स की 4.03 फीसदी और Eternal की 3.97 फीसदी थी। पिछले महीने इस फंड का रिटर्न करीब माइनस 2.37 फीसदी रहा।
ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अपना पूरा निवेश खत्म किया
हेलियस फ्लेक्सी कैप ने जनवरी में ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में अपना निवेश पूरी तरह खत्म कर दिया। इसने कंपनी के करीब 1.17 करोड़ शेयर बेच दिए। इस फंड ने अक्तूबर 2025 में ओला इलेक्ट्रिक में अपना निवेश बढ़ाया था। तब इसने ओला के अतिरिक्त 19.55 लाख शेयर खरीदे थे। इससे उसके पास ओला के कुल 1.53 करोड़ शेयर हो गए थे। इससे पोर्टफोलियो में ओला का वेट 1.48 फीसदी से बढ़कर 2.09 फीसदी हो गया था। ओला के शेयरों में पिछले महीने बिकवाली दिखी थी।
फंड ने इन कंपनियों के शेयर भी बेच दिए
इस फंड ने ICICI Lombard General Insurance में भी अपना निवेश खत्म कर दिया। उसने कंपनी के पूरे 2.46 लाख शेयर बेच दिए। फंड ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के भी 2.89 लाख शेयर बेचे। इससे कंपनी में उसकी हिस्सेदारी पूरी तरह से खत्म हो गई। फंड ने हनीवेल ऑटोमेशन इंडिया के भी 8,771 शेयर बेच दिए। जेएम फाइनेंशियलस की रिपोर्ट में इस कंपनी के मार्जिन पर दबाव की जानकारी दी गई थी। हेलियस फ्लेक्सी कैप ने ग्लैक्सोस्मिथलाइन फार्म के भी अपने कुल 84,390 शेयर बेच दिए।
इन कंपनियों के शेयरों में बढ़ाया निवेश
हेलियस फ्लेक्सी कैप ने एसबीआई (एयूएम का 2.67 फीसदी), बजाज फाइनेंस (एयूएम का 2.60 फीसदी), श्रीराम फाइनेंस (2.24 फीसदी), आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी (2.07 फीसदी) और 360 One WAM (1.67 फीसदी) अपना निवेश बढ़ाया। इनमें से फंड ने सबसे ज्यादा निवेश कोटक महिंद्रा बैंक में बढ़ाया। फंड ने बीईएल, एलएंडटी, एबीबी, कमिंस इंडिया, एनबीसीसी में अपना निवेश बनाए रखा। कुल मिलाकर फंड के पोर्टफोलियो में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी फाइनेंशियल्स की थी। इसके बाद इंडस्ट्रियल, डिफेंस और एनर्जी की हिस्सेदारी थी।