SBI Cards share price: एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड के शेयर आज गिरते बाजार में भी हरे निशान पर ट्रेड कर रहे हैं। कंपनी के शेयरों में आज 6 जनवरी को 5 फीसदी से अधिक की तेजी देखी गई। इस समय यह स्टॉक BSE पर एक फीसदी की बढ़त के साथ 730.15 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। दरअसल, दो प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों नोमुरा और नुवामा ने इस शेयर को अपग्रेड किया है। इस खबर के बाद कंपनी के शेयरों में आज बढ़त देखने को मिली है। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 69543 करोड़ रुपये हो गया है।
दोनों ब्रोकरेज फर्मों ने एसेट क्वालिटी में सुधार और ब्याज दरों में कटौती की संभावना का हवाला देते हुए स्टॉक के लिए अपने टारगेट प्राइस बढ़ा दिए हैं। नोमुरा ने एसबीआई कार्ड्स को 825 रुपये प्रति शेयर के रिवाइज्ड टारगेट प्राइस के साथ 'Buy' रेटिंग दी है, जिसका मतलब है कि शेयर में करीब 14 फीसदी की बढ़त की संभावना है। ब्रोकरेज का मानना है कि निकट भविष्य में एसेट क्वालिटी को लेकर चिंताएं कम होने की संभावना है।
मेट्रो सिटी से आने वाले क्रेडिट कार्ड कर्ज की हिस्सेदारी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि नॉन-मेट्रो क्षेत्रों में क्रेडिट कार्ड यूजर्स को दी जाने वाली क्रेडिट लिमिट और उनकी कर्ज लेने की क्षमता घट रही है। इस बीच, SBI Cards ने भारत के टॉप आठ मेट्रो सिटी से नए ग्राहकों के जुड़ने में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की है।
Nuvama ने भी बढ़ाया टारगेट
नुवामा ने भी एसबीआई कार्ड्स को 'Buy' में अपग्रेड किया और इसके टारगेट प्राइस को बढ़ाकर 850 रुपये प्रति शेयर कर दिया। ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में क्रेडिट कॉस्ट अपने चरम पर थी और क्रमिक रूप से इसमें सुधार होने की उम्मीद है। ब्रोकरेज का मानना है कि आने वाली तिमाहियों में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा संभावित दरों में कटौती से भी एसबीआई कार्ड्स के प्रदर्शन में और सुधार होने की उम्मीद है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।