सेबी की सख्ती, अब IPO GMP का प्रचार करने पर रोक; नुकसान होने पर शिकायत भी नहीं कर सकेंगे

SEBI IPO GMP Rules: मार्केट रेगुलेटर SEBI ने IPO के ग्रे मार्केट प्रीमियम यानी GMP के प्रचार पर सख्ती दिखाई है। अब रजिस्टर्ड ब्रोकर और बाजार से जुड़े लोग इन आंकड़ों को प्रकाशित या प्रसारित करने से मना किया गया है। रेगुलेटर का मानना है कि GMP निवेशकों को गलत संकेत दे सकता है। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Nov 23, 2026 पर 10:40 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SEBI के मुताबिक, GMP के आंकड़े शेयर बाजार के बाहर होने वाले ट्रेड के आधार पर तैयार किए जाते हैं।

SEBI IPO GMP Rules: ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) देखकर IPO का में निवेश करने वालों को अब मुश्किल हो सकती है। मार्केट रेगुलेटर SEBI ने आने वाले IPO के GMP को लेकर सख्ती दिखाई है। उसने बाजार से जुड़े लोगों और रजिस्टर्ड ब्रोकरेज को GMP के आंकड़े प्रकाशित करने, दिखाने या शेयर करने से रोकने की सलाह दी है।

SEBI का कहना है कि GMP के आंकड़े अनौपचारिक होते हैं। इनकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं होती। इसके बावजूद कई वेबसाइट, डिजिटल प्लेटफॉर्म और अखबार इन्हें प्रकाशित करते हैं। कुछ रजिस्टर्ड बिचौलिए भी इनका प्रचार करते हैं।

GMP के आंकड़ों पर SEBI को क्यों है आपत्ति?


SEBI के मुताबिक, GMP के आंकड़े शेयर बाजार के बाहर होने वाले ट्रेड के आधार पर तैयार किए जाते हैं। इन सौदों पर रेगुलेटर की निगरानी नहीं होती। इनमें निवेशकों को सेटलमेंट की गारंटी या किसी तरह की सुरक्षा भी नहीं मिलती।

रेगुलेटर का मानना है कि ऐसे आंकड़ों का प्रचार निवेशकों को गलत संकेत दे सकता है। इससे बाजार में पारदर्शिता और जवाबदेही को नुकसान पहुंचता है।

SEBI ने रजिस्टर्ड ब्रोकरेज और बाजार से जुड़े लोगों से कहा है कि वे अपनी वेबसाइट, प्लेटफॉर्म, ईमेल, SMS और सोशल मीडिया समेत किसी भी माध्यम से GMP के आंकड़े प्रसारित न करें।

अब कंपनी के बिजनेस और वैल्यूएशन पर देना होगा ध्यान

MCCube के पार्टनर वी शनमुगम ने Moneycontrol से कहा कि इस कदम से निवेशकों का ध्यान कंपनियों के बिजनेस और फंडामेंटल्स पर लौट सकता है। उनके मुताबिक, कई निवेशक कंपनी में लंबी अवधि के लिए निवेश करने के बजाय सिर्फ लिस्टिंग गेन के लिए IPO में पैसा लगाते हैं।

उन्होंने कहा कि अब निवेशकों को कंपनी के प्रॉस्पेक्टस, वैल्यूएशन और संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी के आधार पर फैसला लेना होगा।

शनमुगम ने Hyundai Motor India के IPO का उदाहरण भी दिया। इसका शेयर ₹1,960 के इश्यू प्राइस के मुकाबले ₹1,934 पर लिस्ट हुआ था। हालांकि, बाद में शेयर ने करीब ₹2,890 का स्तर छुआ। इससे साफ है कि GMP लिस्टिंग के साथ-साथ शेयर के आगे के प्रदर्शन का भी भरोसेमंद संकेत नहीं है।

GMP के आधार पर ट्रेड पर नहीं मिलेगी सुरक्षा

SEBI ने साफ किया है कि ग्रे मार्केट में ऐसे ट्रेड करने वाले निवेशकों को रेगुलेटर या स्टॉक एक्सचेंज के तहत निवेशक सुरक्षा नहीं मिलेगी। वे एक्सचेंज की शिकायत निवारण व्यवस्था और ऑनलाइन डिस्प्यूट रिजॉल्यूशन (ODR) पोर्टल का इस्तेमाल भी नहीं कर सकेंगे।

रेगुलेटर ने निवेशकों को सलाह दी है कि वे IPO में सिर्फ SEBI-रजिस्टर्ड ब्रोकरेज और अधिकृत प्लेटफॉर्म के जरिए ही आवेदन करें।

Motilal Oswal Buy Ratings: इन 4 शेयरों में मिल सकता 43% तक रिटर्न, मोतीलाल ओसवाल ने खरीदने की सलाह दी

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।