Motilal Oswal Buy Ratings: ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने चार शेयरों पर खरीदारी की सलाह दी है। इनमें FMCG, फाइनेंस, केबल-वायर और एडटेक सेक्टर की कंपनियां शामिल हैं। ब्रोकरेज को इन शेयरों में 17% से 43% तक की तेजी की उम्मीद है। आइए जानते हैं इन कंपनियों के बारे में और ब्रोकरेज ने खरीदारी की सलाह क्यों दी है।
मोतीलाल ओसवाल ने टाटा ग्रुप की Tata Consumer Products पर ₹1,330 का टारगेट प्राइस दिया है। सोमवार को शेयर ₹1,133 पर बंद हुआ था। इस हिसाब से इसमें करीब 17% की तेजी की संभावना है।
ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के ग्रोथ पोर्टफोलियो में तेजी आ सकती है। इसके लिए कंपनी प्रीमियम और हेल्थ-वेलनेस प्रोडक्ट्स पर फोकस बढ़ा रही है। इसके अलावा नमक और चाय जैसे पुराने कारोबार में भी नए प्रोडक्ट लॉन्च किए जा रहे हैं। इससे आने वाली तिमाहियों में ग्रोथ को सहारा मिल सकता है।
ब्रोकरेज ने Piramal Finance के लिए ₹2,470 का टारगेट प्राइस तय किया है। सोमवार को शेयर ₹1,970.20 पर बंद हुआ था। यानी मौजूदा भाव से इसमें करीब 25% रिटर्न मिल सकता है।
मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, कंपनी ने अपने पुराने होलसेल लोन पोर्टफोलियो की सफाई पूरी कर ली है। अब उसका फोकस रिटेल लोन कारोबार बढ़ाने पर है। कंपनी अपनी पूंजी का बेहतर इस्तेमाल और लोन पोर्टफोलियो की क्वालिटी सुधारने पर भी काम कर रही है। ब्रोकरेज को FY27 में कंपनी की AUM ग्रोथ 25% रहने की उम्मीद है।
Polycab India पर ब्रोकरेज ने ₹10,000 का टारगेट प्राइस दिया है। सोमवार को शेयर ₹7,430 पर बंद हुआ था। इस हिसाब से इसमें करीब 35% की तेजी की उम्मीद है।
कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत है। सितंबर में इसका नेट कैश बैलेंस बढ़कर ₹4,520 करोड़ हो गया, जो मार्च में ₹4,190 करोड़ था। कंपनी अपने कारोबार के विस्तार पर भी निवेश कर रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक, दूसरी तिमाही में इसका वर्किंग कैपिटल साइकल घटकर 11 दिन रह गया। हालांकि, कच्चे माल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण इस पर नजर रखना जरूरी होगा।
मोतीलाल ओसवाल ने एडटेक कंपनी PhysicsWallah पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है। इसके लिए ₹200 का टारगेट रखा है। शेयर का मौजूदा भाव ₹139.50 है। इस हिसाब से इसमें करीब 43% का उछाल दिख सकता है।
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी FY30 तक अपना रेवेन्यू बढ़ाकर ₹9,000-10,000 करोड़ करना चाहती है। इसके लिए FY27 से FY30 के बीच कम से कम 25% सालाना ग्रोथ का अनुमान है। कंपनी ऑनलाइन एजुकेशन के साथ K-12, स्टेट बोर्ड, स्किलिंग और प्रीमियम कोर्स जैसे नए सेगमेंट में विस्तार कर रही है। साथ ही AI बेस्ड एजुकेशन प्रोडक्ट्स पर भी काम कर रही है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।