Physicswallah Share Price: एडटेक कंपनी Physicswallah ने हायर एजुकेशन सेगमेंट में कदम रखा है। कंपनी अब स्कूल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई भी कराएगी। इसके लिए पंजाब सरकार ने Physicswallah Digital University, Patiala Act 2026 को मंजूरी दे दी है। कंपनी इस यूनिवर्सिटी के जरिए ऑनलाइन पढ़ाई कराएगी।
पंजाब के राज्यपाल की मंजूरी के बाद 23 अक्टूबर को इस एक्ट को स्वीकृति मिली थी। इसके बाद 29 अक्टूबर को इसे नोटिफाई कर दिया गया। फिजिक्सवाला की सब्सिडियरी Nextseed Foundation इस यूनिवर्सिटी की स्पॉन्सर होगी। इसका मुख्यालय पटियाला में होगा। यूनिवर्सिटी सेल्फ-फाइनेंस मॉडल पर काम करेगी।
जुलाई 2027 से शुरू हो सकती है पढ़ाई
फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी में पहला एकेडमिक सेशन जुलाई 2027 से शुरू करने की योजना है। शुरुआत में यहां पांच प्रमुख क्षेत्रों में पढ़ाई कराई जाएगी। इनमें बिजनेस एंड मैनेजमेंट, कंप्यूटर एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज, जर्नलिज्म एंड मीडिया कम्युनिकेशन और स्किल्स एंड वोकेशनल स्टडीज शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री के साथ सर्टिफिकेट कोर्स भी होंगे। इनमें बैंकिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज और AI के साथ डिजिटल मार्केटिंग जैसे कोर्स शामिल हैं। हालांकि, इन कोर्स की शुरुआत के लिए UGC और संबंधित नियामकों की मंजूरी जरूरी होगी।
AI की मदद से होगी ऑनलाइन पढ़ाई
यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए फिजिक्सवाला AI से जुड़ी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करेगी। इसमें लाइव क्लास, शिक्षकों की मेंटरिंग और ऑनलाइन असेसमेंट की सुविधा होगी। इसके अलावा दुनिया भर के शिक्षकों से जुड़ने का मौका भी मिलेगा।
यूनिवर्सिटी का डिजिटल प्लेटफॉर्म मोबाइल पर आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा। कम इंटरनेट स्पीड वाले इलाकों में भी पढ़ाई की सुविधा देने की योजना है। इससे छोटे शहरों और दूरदराज के छात्रों को फायदा मिल सकता है।
फिजिक्सवाला के फाउंडर और टीचर अलख पांडे ने कहा कि कंपनी का मकसद हर छात्र तक अच्छी और किफायती शिक्षा पहुंचाना है। डिजिटल यूनिवर्सिटी के जरिए कंपनी अब इसी सोच को हायर एजुकेशन तक ले जाना चाहती है।
सोमवार को फिजिक्सवालाका शेयर BSE पर 2.34% चढ़कर ₹139.80 पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 16.30% चढ़ चुका है।