Senco Gold Share Price: Q4 में मुनाफा ढाई गुना, फिर भी शेयर धड़ाम, इस बात से लगा शॉक

Senco Gold Share Price: मार्च 2026 तिमाही के दमदार नतीजे के बावजूद सेन्को गोल्ड के शेयर धड़ाम हो गए। मार्च तिमाही में कंपनी का मुनाफा ढाई गुना से अधिक बढ़ गया तो रेवेन्यू भी करीब 45% उछल पड़ा, फिर भी कंपनी के शेयरों पर दबाव क्यों आया और यह 5% से अधिक टूट गया, जानिए वजह

अपडेटेड May 27, 2026 पर 4:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मार्च तिमाही में Senco Gold का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 151.3% बढ़कर ₹156.8 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 44.9% उछलकर ₹1,996.6 करोड़ पर पहुंच गया।

Senco Gold Share Price: सोने-चांदी, प्लेटिनम समेत अन्य मेटल्स के गहने बेचने वाली सेन्को गोल्ड के शेयरों में मार्च तिमाही का शानदार रिजल्ट जोश नहीं भर पाया। पिछले वित्त वर्ष 2026 की आखिरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 151% और रेवेन्यू करीब 45% बढ़ गया लेकिन शेयर आज 5% से अधिक टूट गए। निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए और अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 2.86% की गिरावट के साथ ₹339.65 के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 5.39% टूटकर ₹330.80 तक आ गया था। पिछले साल 8 सितंबर 2025 को बीएसई पर यह एक साल के हाई ₹404.80 पर था जिससे 6 महीने में यह 31.89% टूटकर 30 मार्च 2026 को एक साल के निचले स्तर ₹275.70 पर आ गया था।

Senco Gold के लिए कैसी रही मार्च तिमाही?

सेन्को गोल्ड ने एक कारोबारी दिन पहले रात में मार्च तिमाही के कारोबारी नतीजे पेश किए। मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 151.3% बढ़कर ₹156.8 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू भी 44.9% उछलकर ₹1,996.6 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इसका ईबीआईटीडीए यानी ऑपरेटिंग प्रॉफिट भी इस दौरान 116.1% बढ़कर ₹274.27 करोड़ और ऑपरेटिंग मार्जिन 9.2% से 13.7% पर पहुंच गया। कारोबारी नतीजे के साथ-साथ कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए ₹5 की फेस वैल्यू वाले हर शेयर ₹1 के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है।


फिर क्यों टूटा शेयर?

सेन्को गोल्ड का कहना है कि वित्त वर्ष 2027 के लिए उसका रुझान पॉजिटिव बना हुआ है। इस वित्त वर्ष में कंपनी को रेवेन्यू में 20% की ग्रोथ और ऑपरेटिंग मार्जिन के 7.5% से 7.8% की रेंज में रहने का अनुमान है। हालांकि कंपनी का कहना है कि कस्टम ड्यूटी में बढ़ोतरी का क्या असर होगा, इस पर अगली तिमाही अहम नजर रहेगी। इस बात ने सेन्को गोल्ड के शेयरों पर दबाव बनाया।

इस महीने की शुरुआत में सरकार ने सोने-चांदी और अन्य प्रेशस मेटल्स के आयात पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को बढ़ा दिया है। सोने-चांदी पर कस्टम ड्यटूी को बढ़ाकर 6% से 10% कर दिया गया है। साथ ही प्लेटनिम और इसके प्रोडक्ट्स के आयात पर भी 10% की ड्यूटी लगेगी। साथ ही सरकार ने सोने-चांदी के आयात पर 5% का एग्री इंफ्रा और डेवलपमेंट सेस भी लगाया है जिससे कुल प्रभावी ड्यूटी 6% से बढ़कर 15% हो गई।

Voda Idea के शेयरों में डबल सपोर्ट से आया जोश, उछलकर पहुंचे एक साल के हाई पर

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।