भारतीय बाजार आज तीन दिनों की लगातार गिरावट के बाद जोरदार तेजी के मूड में दिखे। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 846 अंक यानी 1.41 फीसदी की बढ़त के साथ 60747 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 242 अंक चढ़कर 18101 के स्तर पर बंद हुआ है। जबकि निफ्टी बैंक 394 अंक चढ़कर 42583 पर बंद हुआ है। वहीं, मिडकैप 296 अंक चढ़कर 31717 पर बंद हुआ है। IT सेक्टर आज का स्टार ऑफ द डे रहा है। आईटी कंपनियों के नतीजों के शुरुआत के साथ ही लगभग आज सभी आईटी कंपनियों में तेजी देखने को मिली है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में आज सिर्फ Titan में गिरावट देखने को मिली है। आज ये शेयर करीब 2 फीसदी टूटा है।
आइए देखते हैं आज बाजार को कहां से मिल रहा है सपोर्ट
अमेरिका में अच्छे जॉब रिपोर्ट से बाजार ने रफ्तार पकड़ी है। बाजार को अमेरिका में महंगाई दर घटने की उम्मीद है। ब्याज दरें ज्यादा न बढ़ने की उम्मीद से भी तेजी आई है। दिसंबर में 2.23 लाख लोगों को नई नौकरी मिली है। हालांकि दिसंबर में 2 लाख नई नौकरियां मिलने का अनुमान था। प्राइवेट सेक्टर में औसत सैलरी प्रति घंटा 9 फीसदी बढ़ी है।
Geojit Financial Services के वीके विजय कुमार का कहना है कि अमेरिका में शुक्रवार को आए आंकड़ों से मजबूत पर ठंडी पड़ती इकोनॉमी के संकेत मिले हैं। ऐसे में अमेरिका में अब ब्याज दरों में कमी आने की संभावना बढ़ी है। अमेरिका में महंगाई में नरमी आने के संकेत के साथ ही 2023 में यूएस फेड की मौद्रिक नीतियों में नरमी आने की उम्मीद बढ़ी है। इसके साथ डॉलर इंडेक्स गिरकर 104 के नीचे चला गया है। वहीं, 10 ईयर बॉन्ड यील्ड में भी 0.12 फीसदी की गिरावट हुई है। ये बाजार के लिए एक अच्छा संकेत है।
शुक्रवार को आए आंकड़ों के बाद अमेरिकी बाजार खुशी से झूमते दिखे। इसका असर भारत सहित दूसरे एशियाई बाजारों पर भी देखने को मिला। MSCI का जापान के बाहर के सबसे बड़े इंडेक्स में 0.6 फीसदी की तेजी देखने को मिली। वहीं, दक्षिण कोरिया के बाजार में 1.1 फीसदी और हालांकि जापान का निक्केई आज बंद है। इसी तरह S&P 500 फ्यूचर्स में 0.2 फीसदी और Nasdaq फ्यूचर्स में 0.3 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
नतीजों के मौसम ने भरा जोश
तीसरी तिमाही में आईटी सेक्टर की ग्रोथ मंद पड़ने की संभावना के बावजूद टीसीएस, इंफोसिस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक में आज खरीदारी देखी गई। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस अपनी तीसरी तिमाही के नतीजे आज शाम जारी करेगी।
आज शाम आने वाले TCS के नतीजों से पहले IT शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। आज निफ्टी का IT इंडेक्स करीब 2.5 फीसदी भागा है। TCS,TECH MAHINDRA, COFORGE 3 फीसदी ऊपर दिख रहे हैं। दिग्गज के साथ मिडकैप टेक कंपनियों का भी जोश हाई है। IT ही नहीं आज दूसरे सेक्टर्स में भी जोरदार खरीदारी देखने को मिल रही है। मेटल, फार्मा, ऑटो और एनर्जी 1 फीसदी से ज्यादा चढ़े हैं।
अमेरिका में आर्थिक स्थिति में कोई सुधार आईटी कंपनियों के लिए भी सकारात्मक है। इसलिए, कुछ विश्लेषकों का कहना है कि आईटी कंपनियों के लिए अमेरिका में वेतन और नौकरियों के आंकड़ों में गिरावट सकारात्मक फैक्टर है।
इस बीच कई कंपनियों के दिसंबर तिमाही के कारोबारी अपडेट आए हैं इससे भी बाजार के कुछ सेंक्टरों के सेंटीमेंट को बूस्ट मिला है। उदाहरण के लिए रियल इस्टेट कंपनियों के आंकड़े अच्छे रहे हैं। हालांकि कुछ कंपनियों के आंकड़े अच्छे नहीं रहे हैं। तीसरी तिमाही में टाइटन की SALES 12 फीसदी बढ़ी है। इस अवधि में कंपनी के ज्वेलरी सेग्मेंट में 11 फीसदी की ग्रोथ दिखी है। वहीं कल्याण ज्वेलर्स के रेवेन्यू में 13 फीसदी की बढ़त रही है।
अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में TATA STEEL के भारतीय प्रोडक्शन में 4 फीसदी से ज्यादा की ग्रोथ देखने को मिली है। लेकिन यूरोपीय उत्पादन करीब 6 फीसदी घटा है। उधर, Tata Steel Long Products के क्रूड स्टील प्रोडक्शन में 33 फीसदी का जोरदार उछाल देखने को मिला है। दिसंबर का महीना जनरल बीमा कंपनियों के लिए अच्छा रहा। इस अवधि में जनरल बीमा कंपनियों के प्रीमियम में 14 फीसदी से ज्यादा का उछाल देखने को मिला है। ICICI लोंबार्ड के मार्केट शेयर में बढ़त देखने को मिली है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।