बाजार 22 जुलाई के बाद से सबसे बड़ी साप्ताहिक बढ़त के साथ बंद हुआ। निफ्टी 21,000 पर पहुंच गया, जो हफ्ते के दौरान लगभग दो प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने लगातार पांचवीं बार रेपो दर को 6.5 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने के अपने फैसले की घोषणा की इसके बाद बाजार में जोरदार तेजी नजर आई। 8 दिसंबर को बैंक निफ्टी में 0.7 प्रतिशत से अधिक की बढ़त देखने को मिली। यह 47,170.25 के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इसके साथ ही इस हफ्ते बैंक निफ्टी इंडेक्स में 5 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आई। सेंसेक्स 304 अंक या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 69,825.60 पर बंद हुआ। निफ्टी 68.20 अंक या 0.33 प्रतिशत बढ़कर 20,969.40 पर बंद हुआ। बाजार के दिग्गज विशेषज्ञों ने मार्केट पर पॉजिटिव रुख अपनाया है।
Edelweiss के चेयरमैन राशेष शाह का बाजार पर नजरिया
मनीकंट्रोल से बातचीत के दौरान एडलवाइस ग्रुप के चेयरमैन राशेष शाह (Rashesh Shah, Group Chairman Edelweiss) ने कहा कि राज्यों के चुनाव नतीजे यह सुनिश्चित करेंगे कि FIIs अब भारत से पैसा नहीं निकालेंगे। चुनाव नतीजों के बाद भारत की पॉलिसी स्थिरता में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्लोबल इनवेस्टर कुछ समय के लिए निवेश करने से बच सकते हैं। “जैसे ही दुनिया भर में ब्याज दरें गिरेंगी या गिरने के कगार पर होंगी, भारत में बहुत अधिक FIIs निवेश आयेगा। उन्होंने कहा, ''चुनाव नतीजों के बजाय अमेरिकी ब्याज दरों में गिरावट का ज्यादा असर देखने को मिलेगा।''
Kedianomics के सीईओ सुशील केडिया का बाजार पर नजरिया
तीन राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद एनएसई निफ्टी 20,700 रुपये से ऊपर चढ़ गया। केडियानॉमिक्स के संस्थापक और सीईओ सुशील केडिया ने 4 दिसंबर को कहा कि अब यह संभव है कि 19,600 का लेवल उसी तरह से बाजार का नया बेस बन सकता है जैसे 2014 में बाजार ने निफ्टी के लिए 6,000 को नया बेस बनाया था। उस समय भारत में 30 साल की राजनीतिक उथल-पुथल के बाद नरेंद्र मोदी को मिले स्पष्ट बहुमत के बाद बाजार में ऐसी स्थिति देखने को मिली थी। उनका कहना है कि 10 वर्षों तक जैसा मोदी ने किया है वैसा ही करते रहने की क्षमता उनमें दिखाई देती है।
Kotak AMC के नीलेश शाह का बाजार पर नजरिया
कोटक एएमसी के एमडी और सीईओ नीलेश शाह ने कहा, मोमेंटम फिलहाल भारत के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि जब भारतीय बाजारों की बात आती है तो ग्रोथ की बजाय वैल्यूएशन पर अधिक चिंता होती है। “ भारत 2027 से 2032 के बीच, जर्मनी और जापान दोनों को पछाड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि निवेशकों को लगता होगा कि एक साल के आधार पर भारत उभरते बाजार प्रतिस्पर्धियों के लिए महंगा दिखता है। लेकिन पांच साल के आधार पर भारत संभवतः सबसे सस्ता उभरता हुआ बाजार होगा।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।)