Sensex@66000: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) के लिए यह साल काफी शानदार दिख रहा है। पिछले महीने इसने पहली बार 64 हजार का लेवल पार किया और आज फिर इसने नया माइलस्टोन छू लिया। सेंसेक्स ने आज पहली बार 66 हजार का लेवल पार किया है। ऐसे में सेंसेक्स ने महज दो हफ्ते में तीन माइलस्टोन 64 हजार, 65 हजार और 65 हजार के लेवल को पार कर दिया। सेंसेक्स ने पहली बार 24 सितंबर 2021 को 60 हजार का लेवल पार किया था और अब तीन साल से भी कम समय में इसने 6 हजार से अधिक प्वाइंट्स का सफर और तय कर लिया। सेंसेक्स आज इंट्रा-डे में 66,049.45 तक पहुंचा था। फिलहाल यह 572.99 प्वाइंट्स की तेजी के साथ 65,966.89 पर है।
Sensex के स्टॉक्स की क्या है स्थिति
बीएसई सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं। सबसे अधिक तेजी फिलहाल टाटा ग्रुप (Tata Group) की टीसीएस (TCS), इंफोसिस (Infosys) और टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) में हैं। दो फीसदी से अधिक उछाल के साथ ये तीनों सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में हैं। वहीं पावरग्रिड टॉप लूजर है और इसमें दो फीसदी से अधिक आज गिरावट है। वहीं पावरग्रिड के बाद सबसे अधिक गिरावट मारुति और एशियन पेंट में है लेकिन इनमें करीब आधे फीसदी की गिरावट है।
तीन साल से भी कम समय में 16 हजार प्वाइंट्स मजबूत
1979 के बेस इयर और बेस प्वाइंट्स 100 से बीएसई सेंसेक्स का सफर 2 जनवरी 1986 को 550 प्वाइंट्स के आस-पास शुरू हुआ था। सेंसेक्स ने पहली बार 5 हजार का लेवल अक्टूबर 1999 में पार किया था। अगर पिछले तीन साल की बात करें तो सेंसेक्स ने पहली बार जनवरी 2021 में 50 हजार का लेवल पार किया था और अब आज यह 66 हजार के पार पहुंच गया यानी तीन साल से भी कम समय में इसने 16 हजार से अधिक प्वाइंट्स का सफर तय किया है।