Sensex-Nifty closes green: इजरायल और ईरान के बीच तनाव हल्का होने की उम्मीद ने वैश्विक मार्केट को सपोर्ट किया और कच्चा तेल नरम पड़ा तो निवेशक चहक उठे। एशियाई बाजारों से मजबूत संकेतों के बीच घरेलू मार्केट में भी आज रौनक लौटी और एक कारोबारी दिन पहले की करीब 1% की गिरावट से उबरते हुए आज सेंसेक्स और निफ्टी आधे फीसदी रिकवर हुए। इंट्रा-डे में आज सेंसेक्स 500 प्वाइंट्स से अधिक उछल गया तो निफ्टी 50 भी 23250 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी आज अच्छा माहौल दिखा जिसमें स्मालकैप स्पेस में रौनक अधिक रही। निफ्टी मिडकैप 100 में आज 1% से अधिक तो निफ्टी स्मॉलकैप 100 में डेढ़ फीसदी से अधिक की बढ़त रही।
सेक्टरवाइज निफ्टी आईटी में आधे फीसदी की गिरावट रही और मार्केट पर दबाव बनाने की कोशिश की लेकिन निफ्टी पीएसयू बैंक आज 3.62% की बढ़त के साथ बंद हुआ तो प्राइवेट बैंक और रियल्टी के निफ्टी इंडेक्स में डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक बढ़त रही। निफ्टी ऑटो भी 1% से अधिक मजबूत हुआ तो मेटल और एफएमसीजी के निफ्टी इंडेक्स में आधे-आधे फीसदी से अधिक तेजी आई।
मार्केट की इस रौनक में ओवरऑल आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज ₹5 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गया यानी निवेशकों की दौलत ₹5 लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ। आज सेंसेक्स (Sensex) 394.50 प्वाइंट्स यानी 0.54% के उछाल के साथ 73,918.76 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 119.10 प्वाइंट्स यानी 0.52% की बढ़त के साथ 23,242.10 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 511.15 प्वाइंट्स चढ़कर 74,035.4 और निफ्टी 156.40 प्वाइंट्स उछलकर 23,279.40 तक पहुंच गया था।
निवेशकों की दौलत में ₹5 लाख करोड़ का उछाल
एक कारोबारी दिन पहले यानी 08 जून 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,54,40,333.081 करोड़ था। आज यानी 08 जून 2026 को यह बढ़कर ₹4,59,74,919.26 करोड़ रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज ₹5,34,586.179 करोड़ का इजाफा हुआ है।
Sensex के 18 शेयर ग्रीन जोन में
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें आज 18 आज ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। सेंसेक्स पर आज सबसे अधिक तेजी इंडिगो, एसबीआई और आईसीआईसीआई बैंक में रही। वहीं दूसरी तरफ आज सबसे अधिक गिरावट टाइटन, एनटीपीसी और पावरग्रिड में रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
107 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर आज 4398 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 2782 शेयर मजबूत हुए तो 1423 में गिरावट रही जबकि 193 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 107 शेयर एक साल के हाई और 81 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 13 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 14 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
(यह स्टोरी अभी अपडेट हो रही है)
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।