Sensex-Nifty closes red: ट्रंप के बयान से ईरान से सुलह पर छाए बादल और कच्चे तेल में उबाल पर एशियाई मार्केट झुलस गया और इसकी आंच घरेलू मार्केट में भी महसूस हुई। लगातार छठे कारोबारी दिन आज मार्केट में बिकवाली का दबाव दिखा। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 450 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी फिसलकर 24150 के करीब आ गया और दिन के आखिरी में ये आधे फीसदी से अधिक की गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि ब्रोडर लेवल पर मिला-जुला रुझान दिखा। निफ्टी मिडकैप 100 करीब आधा फीसदी कमजोर हुआ निफ्टी स्मॉलकैप 100 फ्लैट बंद हुआ।
सेक्टरवाइज सरकारी बैंकों और आईटी कंपनियों ने आज मार्केट पर काफी दबाव बनाया। निफ्टी आईटी करीब 2% कमजोर हुआ तो निफ्टी पीएसयू बैंक 1% से अधिक नीचे आया। निफ्टी ऑटो में हल्की बढ़त रही तो निफ्टी प्राइवेट बैंक कमजोर रहा। इक्का-दुक्का सेक्टर्स को छोड़ अधिकतर के निफ्टी इंडेक्स आज लाल ही बंद हुए। बिकवाली के इस माहौल में आज BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹2.77 लाख करोड़ घट गया।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो निफ्टी की वीकली एक्सपायरी को आज सेंसेक्स (Sensex) 492.70 प्वाइंट्स यानी 0.63% की गिरावट के साथ 77,235.46 और निफ्टी 132.75 प्वाइंट्स यानी 0.55% की फिसलन के साथ 24,154.90 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 493.80 प्वाइंट्स टूटकर 77,234.36 और निफ्टी भी 132.75 प्वाइंट्स टूटकर 24,154.90 तक आया था।
निवेशकों के ₹2.77 लाख करोड़ स्वाहा
एक कारोबारी दिन पहले यानी 17 अगस्त 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,93,54,909.78 करोड़ था। आज यानी 18 अगस्त 2026 को यह घटकर ₹4,90,77,822.78 करोड़ पर आ गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज ₹2,77,087.01 करोड़ की गिरावट आई है।
Sensex के 8 स्टॉक्स ग्रीन
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें आज 8 ग्रीन जोन में बंद हुए हैं। दिन के आखिरी में आज एक्सिस बैंक, पावरग्रिड और एमएंडएम में सबसे अधिक बढ़त रही तो दूसरी तरफ सबसे अधिक गिरावट एशियन पेंट, एचसीएलटेक और इंफोसिस में रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
180 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर आज 4530 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 1930 शेयर आज मजबूत हुए तो 2384 में गिरावट रही जबकि 216 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 180 शेयर एक साल के हाई और 91 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 6 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 42 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।