Why Sensex-Nifty Fall: घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 50 में आज शुरुआती सुस्ती के बाद बिकवाली का काफी दबाव दिखा। गुरुवार 22 जनवरी को विदेशी निवेशकों की लगातार 13वें दिन बिकवाली के चलते आज मार्केट में फिर से मुनाफावसूली का दबाव दिखा। आज के कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स और निफ्टी ग्रीन जोन में खुले थे लेकिन थोड़े ऊंचाई तक जाकर ये फिसल गए। आज के इंट्रा-डे हाई 82,516.27 से सेंसेक्स 553.10 प्वाइंट्स फिसलकर 81,963.17 तक आ गया। वहीं निफ्टी भी आज के इंट्रा-डे हाई 25,347.95 से 157 प्वाइंट्स फिसलकर 25,190.95 के निचले स्तर तक आ गया। फिलहाल सेंसेक्स 0.35% की फिसलन के साथ 82,021.73 और निफ्टी 0.30% की गिरावट के साथ 25,214.35 पर है। निफ्टी को आज डॉ रेड्डीज (Dr Reddy's) और एशियन पेंट्स (Asian Paints) जैसे स्टॉक्स ऊपर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन दूसरी तरफ एटर्नल (Eternal) और इंडिगो (Indigo) इसे नीचे खींच रहे हैं।
Why Market Falls: इन तीन वजहों से मार्केट धड़ाम
विदेशी निवेशकों की निकासी: विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी ने निवेशकों के सेंटिमेंट पर असर डाला। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने गुरुवार को ₹2,549.80 करोड़ की नेट बिकवाली की और यह लगातार 13वां दिन रहा, जब उन्होंने खरीदारी से अधिक बिकवाली की। इस पूरे महीने अब तक सिर्फ 2 जनवरी को ही विदेशी निवेशकों ने बिकवाली से अधिक खरीदारी की थी। जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ इंवेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट डॉ वीके विजयकुमार का कहना है कि विदेशी निवेशकों का रुझान अब कंपनियों के कारोबारी नतीजे से तय होगी। उनका कहना है कि कंपनियों की कमाई के तेज ग्रोथ ही विदेशी निवेशकों को वापस ला सकती है क्योंकि उनके पास फिलहाल ऐसे मार्केट में जाने का विकल्प है, जहां वैल्यूएशन सस्ता है और अर्निंग्स भी बेहतर है।
कंपनियों के सुस्त कारोबारी नतीजे: बेंचमार्क इंडेक्स के हैवीवेट स्टॉक्स के सुस्त कारोबारी नतीजे मार्केट पर दबाव बना रहे हैं। आईसीआईसीआई बैंक और एचएसीएल टेक के कमजोर नतीजे ने इंवेस्टर सेंटिमेंट को कमजोर किया है।
कच्चे तेल के भाव में तेजी: कच्चे तेल के भाव में उछाल ने मार्केट पर दबाव बढ़ाया है। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल का बेंचमार्क ब्रेट क्रूड 0.8% उछलकर प्रति बैरल $64.57 पर पहुंच गया। कच्चे तेल के भाव में तेजी से देश का कारोबारी घाटा बढ़ सकता है और महंगाई बढ़ सकती है जिससे शेयर मार्केट पर दबाव बढ़ सकता है।
क्या हैं Nifty के अहम लेवल्स?
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का कहना है कि पिछले कारोबारी सत्र में निफ्टी में मॉर्निंग स्टार कैंडलस्टिक पैटर्न के साथ कंसालिडेशन दिखा जोकि इसमें आगे तेजी का संकेत दे रहा है। आनंद के मुताबिक अगर मोमेंटम बना रहा तो निफ्टी 25,470–25,580 जोन की तरफ बढ़ सकता है और 25,800 की तरफ भी जा सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि अगर 25,300 के ऊपर निफ्टी नहीं बना रह सका और 25,150 के नीचे यानी डाउनसाइड ब्रेकआउट करता है तो यह टूटकर 24,715–24,650 रेंज में आ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।