Sensex में 1384 अंकों का उछाल, तीन वजहों से 5 सेकंड में ही बरसे ₹7 लाख करोड़

Sensex-Nifty Jumps: घरेलू स्टॉक मार्केट में आज तीन बड़ी वजहों के चलते चौतरफा रौनक छा गई है। खरीदारी के इस माहौल में शुरुआती कारोबार में ही निवेशकों की दौलत ₹7 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गई। चेक करें कि किन वजहों से आज मार्केट में शानदार रौनक है और ओवरऑल मार्केट की स्थिति क्या है

अपडेटेड Apr 15, 2026 पर 9:22 AM
एक कारोबारी दिन पहले 13 अप्रैल को निफ्टी की वीकली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 702.68 प्वाइंट्स यानी 0.91% की गिरावट के साथ 76,847.57 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 207.95 प्वाइंट्स यानी 0.86% की फिसलन के साथ 23,842.65 पर बंद हुआ था। वहीं आज ये जोरदार बढ़त के साथ खुले हैं।

Sensex-Nifty Rally: तीन बड़ी वजहों के चलते आज घरेलू स्टॉक मार्केट में शानदार रौनक है। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी 50 गैप अप के साथ खुले हैं। हर सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स आज ग्रीन है। मिडकैप और स्मॉलकैप स्टॉक्स में भी जोरदार खरीदारी हो रही है। ओवरऑल बात करें तो BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप ₹7.53 लाख करोड़ उछल गया यानी निवेशकों की दौलत इस शानदार रौनक में ₹7.53 लाख करोड़ से अधिक बढ़ गई है। अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) फिलहाल 1384.40 प्वाइंट्स यानी 1.80% की बढ़त के साथ 78,231.97 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 410.55 प्वाइंट्स यानी 1.72% के उछाल के साथ 24,253.20 पर है।

किन तीन वजहों से मार्केट में रौनक

मार्केट में आज शानदार रौनक की मुख्य वजह अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत दोबारा शुरू होने की उम्मीद है जिसने दुनिया भर के बाजारों में जोश भर दिया। इस उम्मीद में कच्चा तेल लगातार दूसरे दिन फिसल गया। इसके अलावा अमेरिका और ईरान के बीच सुलह के संकेतों पर मिडिल ईस्ट में तेल निकालने वाले अहम देशों से सप्लाई जारी होने की उम्मीदों ने मार्केट में जोश भरा है।


निवेशकों की दौलत में ₹7.53 लाख करोड़ का उछाल

एक कारोबारी दिन पहले यानी 13 अप्रैल 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,49,13,555.17 करोड़ था। आज यानी 15 अप्रैल 2026 को मार्केट की रौनक में यह ₹4,56,66,776.16 करोड़ पर पहुंच गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी ₹7,53,220.99 करोड़ बढ़ गई है।

Sensex के सभी शेयर ग्रीन

सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें कोई भी लाल नहीं है। सबसे अधिक तेजी आज इंडिगो, अल्ट्राटेक सीमेंट और एलएंडटी में है। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-

sensex

69 शेयर एक साल के हाई पर

बीएसई पर आज 2949 शेयरों की ट्रेडिंग हो रही है। इसमें 2388 शेयर मजबूत दिख रहे हैं तो 403 में गिरावट का रुझान है और 158 में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है। इसके अलावा 69 शेयर एक साल के हाई और 15 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 103 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 36 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।

bse

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।