सबमर्शिबल पंप बनाने वाली दिग्गज कंपनी शक्ति पम्प्स (Shakti Pumps) के शेयरों में आज जबरदस्त खरीदारी का रुझान दिखा। इसके शेयर 20 फीसदी की तेजी के साथ 861.90 रुपये (Shakti Pumps Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गए। वहीं इसके शेयरों के लिए यह रिकॉर्ड हाई भी है। इसी हाई लेवल पर यह बंद भी हुआ है। इसके शेयरों में यह तेजी 358 करोड़ रुपये के ऑर्डर के चलते आई। कंपनी ने इस ऑर्डर के बारे में एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है। इसी ऑर्डर के चलते शक्ति पम्प्स के शेयरों की खरीदारी बढ़ गई। इसका फुल मार्केट कैप 1,584.19 करोड़ रुपये है।
क्या है वह ऑर्डर जिसने बढ़ाई शेयरों की खरीदारी
शक्ति पम्प्स को कुसुम-3 योजना (KUSUM-3 Scheme) के तहत पहला ऑर्डर मिला है। 7781 पंपों के लिए यह ऑर्डर हरियाणा रिन्यूएबल एनर्जी डिपार्टमेंट (HAREDA) से मिला है। यह ऑर्डर करीब 358 करोड़ रुपये का है। शक्ति पम्प्स अलग-अलग प्रकार के पंप और मोटर बनाती है। इसके अलावा यह सिंचाई, घरेलू पानी आपूर्ति, कॉमर्शियल और इंडस्ट्रियल काम के लिए भी पंपिंग सॉल्यूशन मुहैया कराती है।
Shakti Pumps की सेहत कैसी है
शक्ति पम्प्स के लिए जून तिमाही खास नहीं रही। अप्रैल-जून 2023 में इसकी नेट बिक्री सालाना आधार पर 55.57 फीसदी गिरकर 113.06 करोड़ रुपये पर आ गई। वहीं नेट प्रॉफिट भी 88.6 फीसदी फिसलकर 1 करोड़ रुपये पर आ गया। इस दौरान EBITDA भी 62.27 फीसदी फिसलकर 8.46 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं शेयरों की बात करें तो इस साल यह दोगुने से अधिक चढ़ा है। इसके शेयर इस साल अब तक 112 फीसदी मजबूत हुए हैं। पिछले साल 15 दिसंबर 2022 को यह एक साल के निचले स्तर 380.15 रुपये पर था। इसके बाद 8 महीने में यह 127 फीसदी उछलकर आज रिकॉर्ड हाई पर पहुंचकर बंद हुआ। इस महीने यह 19 फीसदी से ज्यादा मजबूत हुआ है।