कंप्रेसर, पंप और डीजल इंजन बनाने वाली शक्ति पंप्स इंडिया को 112.18 करोड़ रुपये का एक नया ऑर्डर मिला है। यह कॉन्ट्रैक्ट महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने दिया है। यह वर्क ऑर्डर पूरे महाराष्ट्र के लिए 3 हॉर्सपावर (HP), 5 HP, 7.5 HP के 4755 ऑफ ग्रिड सोलर फोटोवॉल्टिक वॉटर पंपिंग सिस्टम्स (SPWPS) पंप्स के लिए है। ऑर्डर 'मागेल त्याला सौर कृषी पंप योजना' के तहत दिया गया है। इस काम को वर्क ऑर्डर जारी होने के 60 दिनों के अंदर पूरा किया जाना है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि शक्ति पंप्स पर इन SPWPS पंपों की डिजाइनिंग, मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई, ट्रांसपोर्ट, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग की जिम्मेदारी है। ऑर्डर की वैल्यू GST के बिना 103.01 करोड़ रुपये और GST के साथ 112.18 करोड़ रुपये है। यह रिलेटेड पार्टी ट्रांजेक्शन नहीं है।
6 अक्टूबर को शक्ति पंप्स के शेयर में दिन में 1.64 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। BSE पर शेयर 451.15 रुपये के हाई तक गया। बाद में 450.95 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 5500 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है।
3 साल में Shakti Pumps India 195 प्रतिशत चढ़ा
शक्ति पंप्स इंडिया के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.36 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 25 प्रतिशत और एक साल में करीब 45 प्रतिशत नीचे आया है। 3 साल में लगभग 195 प्रतिशत और 5 साल में 285 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। BSE पर शेयर का 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 834.85 रुपये और एडजस्टेड लो 441 रुपये है। 6 अक्टूबर को सेंसेक्स 685.34 अंकों की बढ़त के साथ 73,067.81 पर और निफ्टी 220.35 अंकों की बढ़त के साथ 22,776.10 पर बंद हुआ।
शक्ति पंप्स इंडिया का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में रेवेन्यू 816.28 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा करीब 43 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 3.48 करोड़ रुपये दर्ज की गई। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 2,643.11 करोड़ रुपये, शुद्ध मुनाफा 243.79 करोड़ रुपये और प्रति शेयर अर्निंग 19.89 करोड़ रुपये रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।