'बाजार में 2022 में आंख बंद करके पैसा लगाने से बचें'- शंकर शर्मा
शर्मा ने कहा कि जिन क्वालिटी कंपनियों के स्टॉक्स गिरे हैं उसमें निवेश का मौका है
MoneyControl News
अपडेटेड Oct 26, 2021 पर 9:51 AM
पिछली दिवाली बाजार के लिए काफी शुभ रही। दिवाली से इस दिवाली के बीच निफ्टी ने 45 परसेंट के धमाकेदार रिटर्न दिए। पिछले कई सालों से पिटे सेक्टर भी जगमगाने लगे। बाजार और निवेशकों का जोश फुल हाई है। इस बार की तेजी विदेशी नहीं बल्कि घरेलू रिटेल निवेशकों के दम पर बनी हुई है। रिटेल निवेशक बाजार में जमकर पैसा डाल रहे हैं।
कई निवेशकों को लग रहा है कि कहीं गाड़ी छूट तो नहीं गई, क्या बाजार में अब भी निवेश किया जा सकता है। तेजी के बाजार में कहां पैसा बन सकता है। दिवाली से पहले निवेश पर सीएनबीसी-आवाज़ के साथ दिग्गज निवेशक और First Global के Co Founder Shankar Sharma ने चर्चा की।
ये हैं शंकर शर्मा से बातचीत की प्रमुख झलकियां
शंकर शर्मा ने कहा कि बाजार में लॉन्ग टर्म के डेटा का अध्ययन करके ट्रेड लेने चाहिए। लॉन्ग टर्म में निवेश करना निवेशक के पोर्टफोलियो के लिए अच्छा होता है। रही बात मार्केट की तेजी पर तो यदि आपका बाजार पिछले 2 सालों से लगातार 15 से 20 प्रतिशत की तेजी दिखा रहा है तो तीसरे साल में इसमें तेजी की संभावना 50 प्रतिशत ही रहती है। वहीं यदि कोई भी मार्केट लगातार 3 सालों तक ऊपर की ओर बढ़ता रहा है तो चौथे साल उस मार्केट में करेक्शन आता हुआ दिखाई देगा।
शर्मा ने आंकड़ों के हवाले से कहा कि अमेरिकी बाजार 2019 में मजबूत रहे। उसके बाद 2020 में भी अमेरिकी शेयर बाजारों में रौनक रही। अब ये साल यानी कि 2021 भी अमेरिका के लिए अब तक काफी अच्छा रहा है इसलिए बहुत संभावना है कि अगला साल यानी कि 2022 में अमेरिकी बाजार कमजोर रह सकते हैं।
2022 में भी अच्छे रह सकते हैं भारतीय बाजार
वहीं भारतीय बाजारों के परिप्रेक्ष्य में अपना विश्लेषण साझा करते हुए शंकर शर्मा ने कहा कि भारतीय बाजारों पर नजर डालें तो यहां साल 2018 खराब रहा। उसके बाद साल 2019 भी बहुत अच्छा नहीं रहा। इसके बाद साल 2020 अच्छा रहा जिसके बाद अगले साल 2021 में भारतीय बाजारों में चमक लौटी है। इसका मतलब है कि दो साल लगातार भारतीय बाजार मजबूत रहे हैं इसलिए अगले साल भी यानी कि 2022 में भी बाजार में तेजी नजर आने की संभावना 50 प्रतिशत तक बनती है।
130 करोड़ की जनसंख्या भारतीय बाजारों के लिए हैं इंजन
ग्लोबल मार्केट खराब रहने के बावजूद भारतीय बाजार अच्छे रह सकते हैं इसके पीछे का लॉजिक बताते हुए उन्होंने कहा कि भारत की जनसंख्या 130 करोड़ के करीब है और ये इकोनॉमी के लिए अच्छा साबित हो सकता है। लेकिन फिर भी साल 2022 में आंख बंद करके पैसा लगाने से बचना चाहिए। निवेशकों को वैल्यूशन की बजाय मोमेंटम वाले ट्रेड लेने की सलाह होगी।
शंकर शर्मा ने कहा कि निवेश पर मुनाफा कमाने के लिए आपको लंबी अवधि का नजरिया अपनाना होगा। फिलहाल बाजार में आये हुए करेक्शन में जिन क्वालिटी कंपनियों के स्टॉक्स गिर चुके हैं उसमें निचले स्तरों पर निवेश का मौका है। इसके अलावा खपत वाली कंपनियों में भी निवेश करना चाहिए। इस साल खपत वाली कंपनियों ने अच्छा मुनाफा कमाकर दिया है और आगे भी इन कंपनियों के शेयर दौड़ते हुए नजर आ सकते हैं।
पोर्टफोलियो में नये जमाने की कंपनियों और बैंकिंग शेयर भी करें शामिल
निवेश पर अपनी राय देते हुए शर्मा ने कहा कि इस साल बाजार में नये जमाने की कंपनियों के आईपीओ लॉन्च होते हुए दिखाई दिये हैं। इन कंपनियों के शेयर्स को भी पोर्टफोलियों में रखना चाहिए। इसमें आगे मोमेंटम नजर आ सकता है। इसके अलावा बैंकिंग शेयरों को भी निवेश करें और बैंक शेयरों को अपने पोर्टफोलियो में जरूर रखना चाहिए। उन्होंने खुलासा करते हुए हमने स्वयं और क्लाइंट्स को एसबीआई के शेयर खरीदवाए हैं।
इस साल यानी 2021 में अब तक कैसा रहा बाजार
2021 में अब तक बाजार में शानदार रिटर्न में किस इंडेक्स का कितना रहा योगदान