Relaxo Footwears Stock Outlook: 27% तक लुढ़क सकता है शेयर! मोतीलाल ओसवाल ने दी बेचने की सलाह

Relaxo Footwears Stock Outlook: कंपनी के जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद शेयर पर ब्रोकरेज की राय सामने आई है। ब्रोकरेज का कहना है कि मांग में सुधार उत्साह बढ़ाने वाला बना हुआ है, लेकिन बढ़ी हुई इनपुट लागत और भू-राजनीतिक अनिश्चितता को देखते हुए मैनेजमेंट सतर्क बना हुआ है

अपडेटेड Aug 16, 2026 पर 9:54 AM
जून 2026 तिमाही के दौरान Relaxo Footwears का शुद्ध मुनाफा 12.35 प्रतिशत बढ़ गया।

रिलैक्सो फुटवियर्स के शेयरों में आगे लगभग 27 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल के टारगेट प्राइस से ऐसा लगता है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'सेल' रेटिंग दी है। टारगेट प्राइस 290 रुपये प्रति शेयर रखा है, जो शेयर के बीएसई पर मौजूदा भाव 396.35 रुपये से करीब 27 प्रतिशत कम है। कंपनी स्लिपर, सैंडल और स्पोर्ट्स व कैजुअल शूज बनाती है। रिलैक्सो, स्पार्क्स, फ्लाइट और बहामास; रिलैक्सो फुटवियर्स के ब्रांड हैं।

Relaxo, रबर स्लिपर के लिए एक जाना-माना ब्रांड है। Flite फैशनेबल और सेमी-फॉर्मल स्लिपर्स की पेशकश करता है। Sparx स्पोर्ट्स शूज, सैंडल व स्लिपर्स की पेशकश करता है। Bahamas कैजुअल फ्लिप-फ्लॉप की रंग-बिरंगी रेंज की पेशकश करता है। रिलैक्सो फुटवियर्स 1984 में इनकॉरपोरेट हुई थी और इसका दावा है कि यह देश में फुटवियर बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी है।

कंपनी के अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद शेयर पर ब्रोकरेज की राय सामने आई है। मुनाफा और रेवेन्यू बढ़ने के बावजूद शेयर के लिए 'सेल' कॉल है। तिमाही के दौरान रिलैक्सो फुटवियर्स का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत बढ़कर 705.05 करोड़ रुपये हो गया। शुद्ध मुनाफा 12.35 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 54.94 करोड़ रुपये हो गया।


Relaxo Footwears पर ब्रोकरेज के तर्क

मोतीलाल ओसवाल ने अपने रिसर्च नोट में कहा कि रिलैक्सो फुटवियर्स ने जून 2026 तिमाही में अपनी रिकवरी जारी रखी। रेवेन्यू करीब 8 प्रतिशत बढ़ा। एवरेज सेलिंग प्राइस सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 166 रुपये हो गया, लेकिन वॉल्यूम में साल-दर-साल 2 प्रतिशत की गिरावट आई। ग्रॉस मार्जिन एक साल पहले के मुकाबले 480 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 66.7 प्रतिशत हो गया। ब्रोकरेज का कहना है कि मांग में सुधार उत्साह बढ़ाने वाला बना हुआ है, लेकिन बढ़ी हुई इनपुट लागत और भू-राजनीतिक अनिश्चितता को देखते हुए मैनेजमेंट सतर्क बना हुआ है। वैल्यूएशंस डिमांडिंग बनी हुई हैं।

Ather Energy प्रेफरेंशियल इश्यू से जुटाएगी ₹1200 करोड़, शेयरहोल्डर्स से ग्रीन सिग्नल; चढ़ सकता है शेयर

शेयर 3 महीनों में 36 प्रतिशत मजबूत

रिलैक्सो फुटवियर्स का शेयर 3 महीनों में 36 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 9800 करोड़ रुपये से ज्यादा है। कंपनी में जून 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 71.27 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। Relaxo ने वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 3.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड देने का फैसला किया है। रिकॉर्ड डेट 18 सितंबर 2026 है।

इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड के हकदार होंगे। रिलैक्सो ने वित्त वर्ष 2025 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।