Share Market Bull Run: बाजार में बुल्स का तांडव! इन 5 वजहों से सेंसेक्स 2,000 अंक उछला

Stock Market Bull Run: आज भारतीय शेयर बाजार में बुल्स ने एक बार फिर जोरदार वापसी की है। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स 2,000 अंकों से ज्यादा चढ़कर 84,454 के पार निकल गया, जबकि NSE Nifty 50 भी करीब 588 अंकों की छलांग के साथ 25,937 के स्तर पर पहुंच गया। विदेशी निवेशकों की मजबूत आवक, कच्चे तेल में नरमी और बैंकिंग व आईटी शेयरों में लिवाली ने इस रैली को धार दी है

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 12:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
पिछले कारोबारी सत्र में FIIs ने ₹5,672.99 करोड़ के शेयर खरीदे

Share Market Bull Run: आज भारतीय शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। मजबूत विदेशी फंड फ्लो, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट तथा बैंकिंग और आईटी शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स ने 2,000 अंकों से ज्यादा की छलांग लगाई और निफ्टी 25,950 के स्तर के करीब जा पहुंचा।

सुबह करीब 11:20 बजे के आंकड़ों के मुताबिक, BSE Sensex 2,018.67 अंक (2.45%) की जोरदार बढ़त के साथ 84,454.66 पर कारोबार करता दिखा, जबकि NSE Nifty 50 587.50 अंक (2.32%) उछलकर 25,937.15 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, ब्रॉडर मार्केट में मिला-जुला रुख रहा। Nifty Midcap 100 0.5 फीसदी चढ़ा, जबकि Nifty Smallcap 100 में 0.3 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

बाजार की इस तेजी के 5 बड़े कारण


1. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी: वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम घटने से घरेलू बाजार को बड़ा सहारा मिला। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.42 फीसदी फिसलकर 90.12 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया और नवंबर में अब तक इसमें करीब 23 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए सस्ता क्रूड आयात बिल और महंगाई के दबाव को कम करने के लिहाज से अहम राहत है।

2. FIIs की लगातार खरीदारी: विदेशी निवेशकों की निरंतर लिवाली बाजार की मजबूती का बड़ा आधार बनी हुई है। पिछले कारोबारी सत्र में FIIs ने ₹5,672.99 करोड़ के शेयर खरीदे। Geojit Investments के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजयकुमार के मुताबिक, फंडामेंटल नजरिए से भारतीय बाजार मजबूत दिख रहा है और इस महीने अब तक भारत में FII निवेश रिकॉर्ड 13.2 अरब डॉलर तक पहुंचना विदेशी निवेशकों के रुख में बड़े बदलाव को दर्शाता है।

3. बैंकिंग और आईटी शेयरों में दमदार लिवाली: इस तेजी की अगुवाई बैंकिंग शेयरों ने की और Nifty Bank इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा उछला। HDFC Bank, ICICI Bank और Axis Bank जैसे दिग्गज निजी बैंकों में खरीदारी से Nifty Private Bank इंडेक्स 2.6 फीसदी चढ़ा, जबकि Nifty PSU Bank में 0.5 फीसदी की बढ़त रही। उधर, वैश्विक स्तर पर भीड़भाड़ वाले AI ट्रेड्स से निवेशकों के रुख में बदलाव के बीच आईटी शेयरों में लगातार तीसरे सत्र में तेजी रही।

Infosys 4.4 फीसदी चढ़कर Nifty IT का टॉप गेनर बना, जबकि TCS 2.24 फीसदी और LTM 1.53 फीसदी मजबूत हुआ। JM Financial के वेंकटेश बालासुब्रमण्यम और शनय मेहता के अनुसार, मजबूत कमाई घरेलू सहारा दे रही है, वहीं एशियन AI ट्रेड्स से पूंजी के रोटेशन से भारत को फायदा मिल रहा है।

4. रुपये में मजबूती: घरेलू इक्विटी में मजबूत विदेशी प्रवाह और कच्चे तेल में नरमी के बीच अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 23 पैसे मजबूत होकर 92.62 पर पहुंच गया। इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया 92.65 पर खुला और पिछले बंद स्तर के मुकाबले सुधरकर 92.62 पर ट्रेड करता दिखा।

5. India VIX में गिरावट: बाजार का 'फियर गेज' कहे जाने वाला India VIX 3 फीसदी से ज्यादा टूटकर 17.10 पर आ गया। VIX में गिरावट से संकेत मिलता है कि निकट अवधि में बाजार की अस्थिरता और तेज उतार-चढ़ाव को लेकर निवेशकों की चिंता कुछ कम हुई है।

क्या है टेक्निकल आउटलुक?

Geojit Investments के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स के मुताबिक, भले ही निफ्टी की बढ़त 26,000 के पास पहली बाधा पर थमती दिखी, लेकिन पिछली गिरावट काफी तेज रही थी, जिससे निचले स्तरों पर बार्गेन हंटिंग यानी सस्ते दामों पर खरीदारी का मौका बना। उन्होंने कहा कि इस उम्मीद को बनाए रखने के लिए 25,500 के ऊपर टिकाऊ कारोबार जरूरी होगा, जबकि नीचे की ओर 25,300 एक अहम स्तर है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।