Tata Sons Listing: शापूर मिस्त्री के PM मोदी को दो लेटर और RBI संग 16 बैठकें! टाटा संस IPO पर नया ट्विस्ट

Tata Sons Listing: शापूर मिस्त्री ने Tata Sons की लिस्टिंग को लेकर PM मोदी को दो बार पत्र लिखा, जबकि टाटा के शीर्ष नेतृत्व ने RBI के साथ 16 बैठकें कीं। उधर, अनिवार्य लिस्टिंग से बचने के लिए कंपनी ने ₹21,000 करोड़ से ज्यादा का कर्ज चुकाया और CIC रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने का कदम उठाया। RTI खुलासे से टाटा संस IPO पर नया ट्विस्ट आ गया है

अपडेटेड Nov 25, 2026 पर 12:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
मिस्त्री ने अक्टूबर 2025 और जून 2026 में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर टाटा संस की लिस्टिंग के मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी

Tata Sons IPO: शापूरजी पल्लोनजी ग्रुप के चेयरमैन शापूर मिस्त्री ने Tata Sons की लिस्टिंग को लेकर पीएम मोदी से दो बार संपर्क किया। साथ ही सितंबर 2022 से अक्टूबर 2026 के बीच टाटा ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों ने भारतीय रिजर्व बैंक के साथ 16 बैठकें कीं। 25 नवंबर को छपी एक कारोबारी दैनिक की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

RTI के तहत मिले दस्तावेजों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि मिस्त्री ने अक्टूबर 2025 और जून 2026 में प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर टाटा संस की लिस्टिंग के मामले में हस्तक्षेप की मांग की थी। कर्ज के बोझ से जूझ रहे SP ग्रुप की टाटा संस में 18 फीसदी से ज्यादा हिस्सेदारी है।

24 अक्टूबर 2025 के पत्र में क्या आरोप?


रिपोर्ट के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2025 को लिखे अपने पत्र में शापूर मिस्त्री ने Tata Trusts पर आरोप लगाया कि वह सत्ता और निजी हितों के लिए टाटा संस को 'बंधक' बनाए हुए है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पत्रों को बाद में वित्तीय सेवा विभाग के माध्यम से RBI को आगे भेजा गया।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा मिस्त्री को सीधे जवाब देने या उनसे मुलाकात का समय देने का कोई प्रमाण नहीं मिला है। साथ ही इन घटनाक्रमों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

RBI के साथ टाटा नेतृत्व की बैठकों का ब्योरा

RTI खुलासों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मौजूदा RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा से एक बार और उनके पूर्ववर्ती शक्तिकांत दास जो अब प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 हैं उनसे नौ बार मुलाकात की। इसके अलावा, Tata Trusts के चेयरमैन नोएल टाटा ने भी मल्होत्रा और दास दोनों से मुलाकात की।

अनिवार्य लिस्टिंग से बचने के लिए क्या कदम उठाए गए?

टाटा संस को सितंबर 2022 में अपर-लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) के रूप में वर्गीकृत किया गया था। अनिवार्य लिस्टिंग से बचने के लिए कंपनी ने ₹21,000 करोड़ से अधिक का कर्ज चुकाया और मार्च 2024 में अपना कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने के लिए आवेदन किया था।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।