Share Market Crash: 22800 का लेवल तोड़ दिया Nifty ने, 5 वजहों से इंट्रा-डे में 1180 प्वाइंट्स टूटा Sensex

Share Market Crash: शेयर मार्केट में आज ऐसा हाहाकार मचा कि सेंसेक्स 1100 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी टूटकर 22800 के नीचे आ गया और ये डेढ़ फीसदी से अधिक कमजोर होकर बंद भी हुए। हर सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स लाल बंद हुए। जानिए मार्केट में गिरावट की पांच वजह

अपडेटेड Sep 28, 2026 पर 4:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक कारोबारी दिन पहले 25 सितंबर को सेंसेक्स (Sensex) 315.20 प्वाइंट्स यानी 0.43% की बढ़त के साथ 73,895.74 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 77.40 प्वाइंट्स यानी 0.34% की तेजी के साथ 23,140.50 पर बंद हुआ था। आज ये गहरे लाल खुले।

Share Market Crash: अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बढ़ते तनाव ने दुनिया भर के अधिकतर बाजारों में ऐसी उथल-पुथल मचाई कि इसकी आंच घरेलू स्टॉक मार्केट में भी महसूस हुई। सेंसेक्स 1100 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया और निफ्टी भी 22800 के नीचे आ गया और भारी गिरावट के साथ ये बंद भी हुए। ब्रोडर लेवल पर भी बिकवाली का भारी दबाव दिखा और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉल कैप 100 डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक टूट गए।

अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज 28 सितंबर को सेंसेक्स (Sensex) 1124.02 प्वाइंट्स यानी 1.52% की गिरावट के साथ 72,771.72 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 360.25 प्वाइंट्स यानी 1.56% की फिसलन के साथ 22,780.25 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में आज सेंसेक्स 1179.51 प्वाइंट्स टूटकर 72,716.23 और निफ्टी भी 378.30 प्वाइंट्स गिरकर 22,762.20 तक आ गया था।

Share Market Crash: ये है वजह

Iran-US Conflict: अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ी तकरार


अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सात दिन के युद्धविराम (सीजफायर) के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। उन्होंने अपने सहयोगियों से इस बात की उम्मीद जताई है कि नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर अमेरिकी बमबारी फिर से शुरू हो जाएगी। इससे वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल मच गई है।

कच्चे तेल में उबाल

अमेरिका और ईरान के बीच शांति की उम्मीदें फीकी पड़ी तो कच्चा तेल उबल पड़ा, जिससे मार्केट सहम गया। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड उछलकर $101 के पार चला गया।

बॉन्ड यील्ड में उछाल

अमेरिका के 10 साल के बॉन्ड की यील्ड उछलकर 5% के पार बनी हुई है, जिससे शेयर मार्केट में हलचल फीकी हुई है।

FIIs की बिकवाली

एक कारोबारी दिन पहले 25 सितंबर को विदेशी निवेशकों ने लगातार दूसरे दिन ताबड़तोड़ भारतीय स्टॉक मार्केट में बिकवाली की, जिसका दबाव आज दिख रहा है। शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने ₹3,693.93 करोड़ की नेट बिक्री की जबकि एक दिन पहले गुरुवार 24 सितंबर को एफआईआई ने 5,027.36 करोड़ के नेट शेयर बेचे थे।

बैंकिंग शेयरों में बिकवाली का भारी दबाव

सेक्टरवाइज मार्केट पर आज सबसे तगड़ा दबाव सरकारी बैंकों ने बनाया, जिसका निफ्टी इंडेक्स 3% से अधिक टूट गया। इसमें प्राइवेट बैंक, ऑटो और मेटल सेक्टर ने भी इसका साथ दिया, जिनके निफ्टी इंडेक्स डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक नीचे आए। एफएमसीजी और प्राइवेट बैंकों का निफ्टी इंडेक्स भी डेढ़ फीसदी कमजोर हुआ तो निफ्टी रियल्टी 2% से अधिक नीचे आया। सभी सेक्टर के इंडेक्स आज लाल रहे।

क्या कहना है एक्सपर्ट्स का

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर ने के मुताबिक बढ़ती जियोपॉलिटिकल अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से निवेशकों के सेंटीमेंट पर असर पड़ा है। उनका कहना है ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिकी डॉलर की मजबूती उभरते बाजारों के लिए बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं, तो FII की लगातार बिकवाली इस दबाव को बढ़ा रही है।

एलकेपी सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक डे का कहना है कि निफ्टी लगातार 'लोअर हाई' और 'लोअर लो' बना रहा है और अहम मूविंग एवरेज से नीचे बना हुआ है, जिससे शॉर्ट-टर्म ट्रेंड के कमजोर होने का संकेत मिल रहा है। रूपक का कहना है कि वीकली चार्ट पर RSI बेयरेश हो गया है, जिससे लगातार गिरावट का संकेत मिल रहा है।

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।