Share Market Crash: दुनिया के अधिकतर बाजारों में हाहाकार के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में आज शानदार रौनक दिखी लेकिन फिर पूरी तेजी गायब हो गई। डे-हाई से सेंसेक्स 1400 प्वाइंट्स से अधिक गिर पड़ा तो निफ्टी भी 26000 के एकदम करीब जाने के बाद टूटकर 25600 के भी नीचे तक आ गया। वहीं ब्रोडर लेवल पर भी बिकवाली का भारी दबाव है और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में आधे-आधे फीसदी से अधिक की गिरावट है।
अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 09:38 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 313.86 प्वाइंट्स यानी 0.37% की गिरावट के साथ 83,605.85 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 118.10 प्वाइंट्स यानी 0.46% की फिसलन के साथ 25,682.50 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स पहले 743.25 प्वाइंट्स उछलकर 84,662.96 तक पहुंचा, जिससे फिर यह 1452.88 प्वाइंट्स टूटकर 83,210.08 तक आ गया तो निफ्टी भी 192.00 प्वाइंट्स उछलकर 25,992.60 तक जाने के बाद 425.30 प्वाइंट्स टूटकर 25,567.30 तक आ गया।
Share Market Crash: ये है वजह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान पर हमले की धमकी दी तो मार्केट हिल गया। ट्रंप ने धमकी दी है कि अगर बातचीत से किसी समझौता पर बात नहीं बनती है, तो नए साल में वह ईरान पर फिर से हमले शुरू करने पर विचार कर सकते हैं।
बैंकिंग और मेटल सेक्टर ने दी करारी चोट
दुनिया भर में एआई सेक्टर में हाहाकार मचने से घरेलू मार्केट में ट्रे़डिशनल आईटी कंपनियों को सपोर्ट मिला और इनके शेयरों की धड़ाधड़ खरीदारी होने लगी। इसके चलते निफ्टी आईटी डेढ़ फीसदी से अधिक ऊपर चढ़ गया। हालांकि मेटल सेक्टर और बैंकिंग सेक्टर ने मार्केट को नीचे खींच लिया। निफ्टी मेटल और निफ्टी पीएसयू बैंक में फिलहाल करीब 2% तो निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1% से अधिक गिरावट है।
आज निफ्टी और बैंक निफ्टी समेत एनएसई के अन्य इंडेक्सेज- निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी एफपीआई 150, निफ्टी मिडकैप सेलेक्ट और निफ्टी नेक्स्ट 50 के डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी है। साथ ही एनएसई पर एसबीआई और वोडाफोन आइडिया समेत 218 स्टॉक्स के F&O (फ्यूचर एंड ऑप्शंस) कॉन्ट्रैक्ट्स की भी मंथली वीकली एक्सपायरी है तो मार्केट में तेज हलचल है।
मार्केट में डर को मापने वाले India VIX में तेजी है और फिलहाल यह 5.75% की बढ़त के साथ 18.32 पर है। इसके अधिक होने का मतलब शॉर्ट टर्म में वोलैटिलिटी हाई होने की आशंका है तो गिरने का मतलब उठा-पटक कम होने की संभावना है।
इस महीने मार्केट में शानदार रौनक रही है और सेंसेक्स और निफ्टी करीब 12% मजबूत हुए। ऐसे में ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली से मार्केट नीचे आया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।