Share Market Today: भारतीय शेयर बाजारों में मंगलवार 21 जनवरी को भारी गिरावट आई। सेंसेक्स 1,235 अंक लुढ़क गया। वहीं निफ्टी 300 अंकों का गोता लगाकर 23,000 के पास आ गया। इसके चलते निवेशकों के शेयर बाजार में आज करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए। डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका में राष्ट्रपति बनने के बाद बढ़ी अनिश्चतता और कंपनियों के कमजोर तिमाही नतीजों ने निवेशकों में बेचैनी बढ़ा दी है। ट्रंप ने पहले ही दिन कनाडा और मैक्सिको पर 100% टैरिफ लगाने का ऐलान किया। वहीं भारत समेत ब्रिक्स देशों पर डॉलर के खिलाफ कदम उठाने पर टैरिफ लगाने की चेतावनी दी है।
ब्रॉडर मार्केट में भी आज हाहाकार की स्थिति रही। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स दोनों 2 फीसदी टूट गए। हां तक कि सभी सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट रियल्टी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, आईटी और बैंकिंग शेयरों में देखने को मिली।
कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 1,235.08 अंक या 1.60 फीसदी गिरकर 75,838.36 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 299.45 अंक या 1.28 फीसदी लुढ़ककर 23,045.30 के स्तर पर बंद हुआ।
निवेशकों के ₹7.48 लाख करोड़ डूबे
बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 21 जनवरी को घटकर 424.11 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार 20 जनवरी को 431.59 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 7.48 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 7.48 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट
बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी जोमैटो (Zomato) का शेयर 10.92 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं एनटीपीसी (NTPC), अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में 2.57 फीसदी से 3.51% तक की गिरावट देखी गई।
सेंसेक्स के सिर्फ 2 शेयर हरे निशान में हुए बंद
बाजार में गिरावट इतनी तेज थी कि सेंसेक्स के 30 में से सिर्फ 2 शेयर आज हरे निशान में बंद हुए। अल्ट्राटेक सीमेंट (Ultratech Cement) के शेयर 0.76 फीसदी और एचसीएल टेक (HCL Tech) के शेयर 0.49 फीसदी बढ़कर बंद हुए।
सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-
2,503 शेयरों में रही गिरावट
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,088 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,187 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,788 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 113 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 103 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 67 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।