Tata Motors PV Share: टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स की ब्रिटिश लग्जरी कार कंपनी Jaguar Land Rover (JLR) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेटिंग एजेंसी S&P Global Ratings ने कंपनी की क्रेडिट रेटिंग घटाकर ‘BB+’ कर दी है। पहले यह रेटिंग ‘BBB-’ थी। इसकी बड़ी वजह कंपनी का कमजोर कैश फ्लो और बढ़ता कर्ज है।
S&P का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2027 में JLR का एडजस्टेड फ्री ऑपरेटिंग कैश फ्लो करीब 1.4 अरब पाउंड निगेटिव रह सकता है। हालांकि, एजेंसी ने कंपनी का आउटलुक स्टेबल रखा है। उसे उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2028 से JLR की स्थिति सुधरने लगेगी।
JLR पर बढ़ रहा है कर्ज का बोझ
S&P के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025 में JLR का नेट डेट करीब 60 करोड़ पाउंड था। इसके बढ़कर वित्त वर्ष 2027 और 2028 में 4.6 अरब से 4.8 अरब पाउंड तक पहुंचने का अनुमान है। नए मॉडल पर निवेश और लगातार हो रहे कैश आउटफ्लो से कंपनी की वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ रहा है।
कंपनी का कर्ज बढ़ने की एक वजह उसका कमजोर प्रदर्शन भी है। JLR ने वित्त वर्ष 2027 के लिए EBIT मार्जिन का अनुमान पहले के करीब 4% से घटाकर 2-3% कर दिया है।
चीन में कमजोर बिक्री से बढ़ी परेशानी
JLR की बिक्री पर चीन और मिडिल ईस्ट के बाजारों का दबाव है। कंपनी के मुताबिक, चीन में इंपोर्टेड लग्जरी गाड़ियों की बिक्री वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में सालाना आधार पर 35% और दूसरी तिमाही में 46% गिर गई। इसके अलावा, मिडिल ईस्ट में भी बिक्री कमजोर रही।
कंपनी को 2025 में हुए साइबर हमले से भी बड़ा नुकसान हुआ था। इसके चलते कई हफ्तों तक प्रोडक्शन बंद रहा।
JLR को उम्मीद है कि नए मॉडल और लागत घटाने की योजना से कारोबार में सुधार होगा। कंपनी 1.7 अरब पाउंड की कॉस्ट सेविंग योजना पर काम कर रही है। इसके साथ ही Range Rover Electric, Range Rover Sport Electric और Range Rover GT जैसे मॉडल लॉन्च करने की तैयारी है।
कंपनी वित्त वर्ष 2027 और 2028 में हर साल 3.3 अरब से 3.4 अरब पाउंड कैपेक्स और रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर खर्च करेगी। वहीं, करीब 300 मिलियन पाउंड का रिस्ट्रक्चरिंग खर्च भी उठाना होगा। कंपनी ने 4,000 कर्मचारियों की संख्या घटाने की योजना शुरू की है। हालांकि, चीन में कमजोर मांग और नए मॉडल की बिक्री उम्मीद से कम रहने पर रेटिंग में और कटौती हो सकती है।
टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स का शेयर गुरुवार को 262 रुपये लगभग फ्लैट बंद हुआ। पिछले 1 साल में स्टॉक 27.07% नीचे आया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।