शुक्रवार, 8 मई को शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गई। सेंसेक्स दिन में पिछली क्लोजिंग से लगभग 700 अंक तक लुढ़का। बाद में यह रिकवर हुआ और गिरावट 500 अंकों तक सिमट गई। निवेशकों की दौलत में 1.22 लाख करोड़ रुपये की कमी आई। अमेरिका-ईरान के बीच हमले फिर शुरू होने, कच्चे तेल की कीमत में फिर उछाल, विदेशी संस्थागत निवेशकों की सेलिंग जैसे कारणों से बाजार में गिरावट आई।
शुक्रवार को सुबह सेंसेक्स लाल निशान में 77,631.94 पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से लगभग 700 अंक टूटकर 77,146.43 के लो तक गया। निफ्टी भी 200 अंक तक टूटकर 24,126.65 के लो तक गया। बाद में बाजार में थोड़ी रिकवरी आई और सेंसेक्स 516.33 अंकों की गिरावट के साथ 77,328.19 पर और निफ्टी 150.50 अंकों की गिरावट के साथ 24,176.15 पर सेटल हुआ।
मार्केट बंद होने पर सेंसेक्स पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,73,43,278.63 करोड़ रुपये पर आ गया। एक दिन पहले गुरुवार को मार्केट कैप 4,74,65,307.725 करोड़ रुपये था। यानि कि 1,22,029.095 करोड़ रुपये की कमी।
शेयर बाजार में गिरावट के अहम कारण
अमेरिका और ईरान के बीच फिर से लड़ाई छिड़ने से पहले से ही नाजुक चल रहा युद्ध विराम खतरे में पड़ गया है। तेल-गैस के ट्रांसपोर्ट के लिए अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की दिशा में होने वाली प्रगति की उम्मीदें खत्म हो गई हैं। इससे कच्चा तेल फिर से चढ़ गया है। रॉयटर्स के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 22 सेंट बढ़कर 100.28 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) U.S. क्रूड फ्यूचर्स 5 सेंट बढ़कर 94.86 डॉलर प्रति बैरल हो गया। कच्चे तेल के महंगे होने से महंगाई बढ़ने का डर पैदा हो जाता है।
वैश्विक बाजारों में कमजोर रुझान ने भी निवेशकों के विश्वास को कमजोर किया। अमेरिकी बाजार गुरुवार को लाल निशान में बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में भी गिरावट है। भारत के अलावा अन्य एशियाई बाजारों में भी शुक्रवार को गिरावट रही। जकार्ता कंपोजिट में 3 प्रतिशत की गिरावट आई है। हेंग सेंग 1 प्रतिशत टूटा है। ताइवान वेटेड में 0.80 प्रतिशत की गिरावट है।
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 25 पैसे की गिरावट के साथ 94.47 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ है। विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) की ओर से लगातार बिकवाली भी भारतीय बाजार में गिरावट को बढ़ा रही है। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, FII गुरुवार को भी सेलर रहे। उन्होंने 340.89 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
7 मई को कैसा रहा था बाजार का हाल
एक दिन पहले गुरुवार को सेंसेक्स 114 अंक या 0.15 प्रतिशत टूटकर 77,844.52 पर बंद हुआ था। निफ्टी 4.30 अंक या 0.02 प्रतिशत के मामूली नुकसान के साथ 24,326.65 पर बंद हुआ था। बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.40 प्रतिशत चढ़ा, जबकि स्मॉलकैप सूचकांक में 1.09 प्रतिशत की बढ़त रही।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।