Share Market Rally: एशियाई बाजारों में रौनक के बीच घरेलू मार्केट में भी आज खरीदारी का माहौल दिखा। इस माहौल में सेंसेक्स आज इंट्रा-डे में उछलकर 692 प्वाइंट्स चढ़ गया तो निफ्टी 50 भी 23400 के पार पहुंच गया और दिन के आखिरी तक ये मजबूत बने रहे। हालांकि ब्रोडर लेवल पर दबाव दिखा और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 गिरावट के साथ बंद हुए। अब घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो आज 21 सितंबर को सेंसेक्स (Sensex) 564.03 प्वाइंट्स यानी 0.76% की बढ़त के साथ 74,858.99 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 67.90 प्वाइंट्स यानी 0.29% के उछाल के साथ 23,414.30 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 692.44 प्वाइंट्स उछलकर 74,987.40 और निफ्टी भी 120.40 प्वाइंट्स चढ़कर 23,466.80 तक पहुंचा था।
Share Market Rally: ये है वजह
सऊदी अरब से शिपमेंट्स में रिकवरी की उम्मीद पर कच्चे तेल की नरमी ने मार्केट को सपोर्ट किया है। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 2% से अधिक टूटकर प्रति बैरल $101 के करीब आ गया।
लगातार सात कारोबारी तक नेट निकासी के बाद शुक्रवार को विदेशी निवेशकों ने बिकवाली से अधिक खरीदारी की तो मार्केट को सपोर्ट मिला। विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को ₹599 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी की है। घरेलू स्थागत निवेशक (DII) नेट बायर्स बने रहे और उन्होंने शुक्रवार को ₹1 हजार करोड़ से अधिक के शेयरों की नेट खरीदारी की।
पिछले कारोबारी हफ्ते निफ्टी और सेंसेक्स लगातार छठे हफ्ते कमजोर हुआ जोकि छह साल में सबसे लंबी गिरावट है। ऐसे में निचले स्तर पर खरीदारी यानी कि वैल्यू बाइंग से मार्केट को सपोर्ट मिला।
फार्मा और रियल्टी सेक्टर से मजबूत सपोर्ट
सेक्टरवाइज आज सिर्फ रियल्टी और फार्मा सेक्टर के ही इंडेक्स 1-1% से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए तो निफ्टी एफएमसीजी भी 0.95% मजबूत हुआ। बाकी किसी भी अहम सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में 1% या इससे अधिक की हलचल नहीं हुई।
जियोजीत इंवेस्टमेंट्स के चीफ मार्केट स्ट्रैटेजिस्ट आनंद जेम्स का मानना है कि पिछले हफ्ते 23400 के टारगेट के बहुत करीब पहुंचने के बाद अब मार्केट में कंसालिडेशन की उम्मीद है। हालांकि यह शॉर्ट टर्म के लिए हो सकता है। आनंद के मुताबिक अगर निफ्टी 23280/23260 का लेवल संभाल लेता है तो ऊपर की तरफ यह 23560 और उससे ऊपर की तरफ बढ़ सकता है तो दूसरी तरफ नीचे की तरफ 23116 का लेवल टूटा तो यह 22600-21800 तक टूट सकता है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।