Share Market Rise: शेयर बाजार में बुल्स की दहाड़! इन 4 कारणों से सेंसेक्स 1,000 अंक उछला, निफ्टी 23400 के पार

Share Market Rise: तीन दिनों की लगातार गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज 16 मार्च को जोरदार रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,400 के पार पहुंच गया। निवेशकों की निचले स्तरों पर खरीदारी और भू-राजनीतिक तनाव को लेकर कुछ राहत भरी खबरों के बीच बाजार में तेज उछाल आया

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
Share Market Rise: अमेरिकी शेयर बाजारों के भी आज हरे निशान में खुलने के संकेत मिल रहे हैं

Share Market Rise: तीन दिनों की लगातार गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजारों में आज 16 मार्च को जोरदार रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी बढ़कर 23,400 के पार पहुंच गया। निवेशकों की निचले स्तरों पर खरीदारी और भू-राजनीतिक तनाव को लेकर कुछ राहत भरी खबरों के बीच बाजार में तेज उछाल आया।

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 938.93 अंक या 1.26 प्रतिशत बढ़कर 75,502.85 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 257.70 अंक या 1.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,408.80 के स्तर पर बंद हुआ। दिन के दौरान सेंसेक्स 75,805 के उच्च स्तर तक पहुंचा, जबकि निफ्टी का इंट्राडे हाई 23,502 रहा।

शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 4 बड़े कारण रहे-


1. निचले स्तरों पर खरीदारी

शेयर बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह निचले स्तरों पर हुई वैल्यू बायिंग रही। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 400 तक लुढ़क गया था। वहीं निफ्टी गिरकर 23,000 के भी नीचे चला गया था। लेकिन इसके बाद निचले स्तरों पर खरीदारी लौटी। इससे पहले भी बाजार पिछले तीन दिन भारी गिरावट के साथ बंद हुए थे। ऐसे में निवेशकों को वैल्यूएशन के मोर्च पर कुछ राहत मिली और उन्होंने इसे खरीदारी के अवसर के रूप में लिया। मेटल, ऑटो, बैंकिंग, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में सबसे अधिक खरीदारी देखने को मिली।

2. वोलैटिलिटी में कमी

शेयर बाजार के निवेशकों में मौजूद घबराहट का संकेत देने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स, इंडिया VIX भी करीब 5 प्रतिशत गिरकर 22 के नीचे आ गया। इससे संकेत मिलता है कि बाजार में बिकवाली का दबाव कुछ कम हुआ है। हालांकि एनालिस्ट्स का कहना है कि VIX अभी भी 18 से ऊपर है, इसलिए निकट अवधि में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

3. भू-राजनीतिक मोर्चे पर राहत

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर कुछ पॉजिटिव खबरों से भी बाजार को सहारा मिला। रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की तैयारी कर रहा है जो होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा। यह समुद्री मार्ग पूरी दुनिया की ऑयल सप्लाई का लगभग 20 प्रतिशत संभालता है।

इसके अलावा भारत के झंडे वाले दो एलपीजी जहाज, शिवालिक और नंदा देवी, करीब 92,712 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत की ओर बढ़ गए हैं। इससे गैस की सप्लाई बाधित होने की आशंका कुछ कम हुई है। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान के साथ बातचीत जारी है और उससे कुछ पॉजिटिव परिणाम मिले हैं।

सरकार के एक अधिकारी के अनुसार एलपीजी जहाज ‘शिवालिक’ सोमवार शाम करीब 5 बजे भारत पहुंचने वाला है और इसके लिए पहले से ही प्राथमिकता के आधार पर बंदरगाह पर बर्थिंग की व्यवस्था की गई है।

4. अमेरिकी शेयर मार्केट से अच्छे संकेत

अमेरिकी शेयर बाजारों से भी आज पॉजिटिव संकेत मिले। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं नैस्डैक फ्यूचर्स में लगभग 0.7 प्रतिशत की बढ़त दिखी। जबकि डॉव जोन्स और एसएंडपी 500 फ्यूचर्स भी 0.5 से 0.6 प्रतिशत तक ऊपर थे।

टेक्निकल चार्ट्स से क्या मिल रहे संकेत?

कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड, श्रीकांत चौहान ने बताया कि डेली चार्ट में बाजार लगातार निचले हाई और निचले लो बना रहा है। वहीं वीकली चार्ट में एक लंबी बेयरिश कैंडल बनी है, जो बाजार के लिए काफी नेगेचिव संकेत देती है। चौहान के मुताबिक, जब तक बाजार 23,500 / 75,300 के स्तर से नीचे ट्रेड कर रहा है, तब तक कमजोरी बनी रह सकती है। वहीं अगर बाजार नीचे की ओर जाता है, तो गिरावट जारी रह सकती है और इंडेक्स 22,800 / 73,600 तक आ सकता है। इसके बाद और गिरावट होने पर यह 22,600 / 73,000 तक भी जा सकता है।

यह भी पढ़ें- Stock Market Trends : 23000-22800 के रेंज में आने पर निफ्टी में एक शॉर्प बाउंस बैक मुमकिन, पावर शेयरों में है दम

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।