Share Market Rise: शेयर बाजार में इन 4 वजहों से लौटी रौनक, सेंसेक्स 750 अंक उछला, निफ्टी भी 24500 के पार

Share Market Rise Today: लगातार 6 हफ्तों तक गिरावट के साथ बंद होने के बाद भारतीय शेयर बाजरों में आज 11 अगस्त को शुरुआती रिकवरी के संकेत देखने को मिले। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 650 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी ने 24,600 का अहम स्तर फिर से हासिल कर लिया। निचले स्तर पर खरीदारी और विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार के सेंटीमेंट को मजबूती मिली है

अपडेटेड Aug 11, 2025 पर 6:18 PM
Share Market Rise Today: सरकारी बैंकों के शेयरों में सोमवार को अच्छी तेजी देखने को मिली

Share Market Rise Today: लगातार 6 हफ्तों तक गिरावट के साथ बंद होने के बाद भारतीय शेयर बाजरों में आज 11 अगस्त को शानदार रिकवरी देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 750 अंकों तक उछल गया। वहीं निफ्टी 24,600 के भी पार पहुंच गया। निचले स्तर पर खरीदारी और विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार के सेंटीमेंट को मजबूती मिली है। ग्लोबल मार्केट से अच्छे संकेतों ने भी बाजार में तेजी को सपोर्ट किया है।

कारोबार के अंत, सेंसेक्स 746.29 अंक या 0.93% की बढ़त के साथ 80,604.08 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 221.75अंक या 0.91% चढ़कर 24,585.05 के स्तर पर बंद हुआ।

 शेयर बाजार में आज की इस तेजी के पीछे 4 अहम कारण रहे-

1. निचले स्तर पर वैल्यू बाइंग

भारतीय शेयर बाजारों में लगातार 6 हफ्तों की गिरावट के बाद आज निवेशक निचले स्तर पर वैल्यू बाइंग करते हुए दिखाई दिए। स्वस्तिका इन्वेस्टमार्ट के रिसर्च हेड संतोष मीणा ने कहा कि मोमेंटम अभी भी नीचे की ओर झुका हुआ है, लेकिन हालिया गिरावट से तकनीकी रिकवरी की संभावना बनी है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि निकट भविष्य में अमेरिका के साथ व्यापार समझौते से जुड़े अपडेट ही बाजार की दिशा तय करेंगे। ट्रंप ने भारत से आने वाले सामान पर 50% शुल्क लगाया है। इसमें से 25% टैरिफ की दर पहले की लागू हो चुकी है, जबकि बाकी 25 फीसदी टैरिफ आगामी 28 अगस्त से लागू होगा।


2. पॉजिटिव ग्लोबल संकेत

एशियाई शेयर बाजारों के लगभग सभी प्रमुख इंडेक्स सोमवार को हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखाई दिए। जापान का शेयर बाजार छुट्टी के कारण बंद था, लेकिन उसके फ्यूचर्स में तेजी देखी गई। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स भी हल्की बढ़त में थे, जबकि शुक्रवार को डॉव 0.5%, एसएंडपी 500 0.75% और नैस्डैक 1% चढ़कर लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड बंद हुआ था।

3. PSU बैंकों के शेयरों में तेजी

सरकारी बैंकों के शेयरों में सोमवार को अच्छी तेजी देखने को मिली। इस तेजी की अगुआई भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और बैंक ऑफ इंडिया ने की। SBI के शेयर तिमाही नतीजे के बाद 2.2 फीसदी तक उछल गए। इसके अलावा ग्रासिम इंडस्ट्रीज समेत कई दूसरे सेक्टर की कंपनियों में आज उनके मजबूत तिमाही नतीजों के दम पर तेजी देखने को मिली।

4. कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट

ब्रेंट क्रूड का भाव सोमवार को 33 सेंट गिरकर 66.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं WTI क्रूड का भाव 39 सेंट घटकर 63.49 डॉलर पर रहा। पिछले एक हफ्ते में क्रूड का भाव 4% से ज्यादा घटा था। निवेशकों को इस हफ्ते अमेरिका और रूस के बीच यूक्रेन युद्ध को लेकर होने वाली बातचीत के नतीजों का इंतजार है। ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि वे 15 अगस्त को अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे और युद्ध खत्म करने पर बातचीत करेंगे।

एक्सपर्ट्स का क्या है कहना?

जियोजित इनवेस्टमेंट के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट्स वी के विजयकुमार का कहना है कि इस हफ्ते में शेयर बाजार का रुख इस बार आर्थिक आंकड़ों से ज्यादा जियोपॉलिटिकल घटनाक्रम पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा, "निवेशकों की नजरें अलास्का में होने वाली ट्रंप-पुतिन वार्ता के नतीजों पर टिकी रहेंगी। अगर रूस-यूक्रेन जंग खत्म होती है, तो अमेरिका की ओर से रूस पर लगे प्रतिबंध हटाए जा सकते हैं। ऐसे में भारत पर रूस से तेल खरीदने के कारण लगाए गए 25% की पेनाल्टी टैरिफ को भी वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। अगर ऐसा हुआ, तो ओवरसोल्ड बाजार में तेज रिकवरी देखने को मिलेगी।"

उन्होंने कहा, "पिछले छह हफ्तों से भारतीय बाजार बाकी ग्लोबल मार्केट्स के मुकाबले कमजोर प्रदर्शन कर रहे हैं। सितंबर 2024 के रिकॉर्ड हाई से निफ्टी 7.6% गिर चुका है। कोई पॉजिटिव खबर आने पर शॉर्ट कवरिंग के चलते तेज रैली संभव है, लेकिन लंबे समय तक टिकने वाली तेजी तभी आएगी जब अर्निंग्स फ्रंट से मजबूत सपोर्ट मिलेगा। यह स्थिति तीसरी तिमाही से बन सकती है। फिलहाल, लार्जकैप शेयर अधिक सुरक्षित दिख रहे है।”

यह भी पढ़ें- NSDL का स्टॉक हाई लेवल से 10% तक फिसला, क्या इनवेस्टर्स को प्रॉफिट बुक कर लेना चाहिए?

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।