Sensex-Nifty Crash Reason: सेंसेक्स और निफ्टी आज 9 मई को करीब 1.5% की तेज गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 1,000 अंक से अधिक गिर गया। वहीं निफ्टी 22,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे चला आया। यह लगातार पांचवा दिन है, जब सेंसेक्स लाल निशान में बंद हुआ। देश में हो रहे लोकसभा चुनाव, चौथी तिमाही के कमजोर नतीजे और क्रूड ऑयल के दाम में बढ़ोतरी सहित ऐसे कई कारण रहे, जिसके चलते बाजार में आज बिकवाली तेज हो गई। मास्टर कैपिटल सर्विसेज के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट अरविंदर सिंह नंदा ने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर अनिश्चितता ने वौलेटिलिटी इंडेक्स 'India VIX' को काफी बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि वौलेटिलिटी इंडेक्स अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर 19 पर पहुंच गया है, जो बाजार में भारी अस्थिरता की ओर संकेत करता है।
