Share market this week: शेयर बाजार 10 फरवरी को खत्म हफ्ते में लगभग फ्लैट बंद हुआ। पिछले हफ्ते रिजर्व बैंक ने रेपो रेट 0.25 फीसदी बढ़ाकर 6.5 फीसदी कर दिया था। इसके साथ ही रिजर्व बैंक ने फिस्कल ईयर 2023 के लिए GDP ग्रोथ की उम्मीद बढ़ाकर 7 फीसदी कर दिया है। इस बात के आसार हैं कि फेड रिजर्व आगे भी पॉलिसी रेट में सख्ती बरकरार रखेगा। पिछले हफ्ते ऑटो, एनर्जी, FMCG, मेटल, ऑयल-गैस शेयरों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, टेक्नोलॉजी, इंफ्रा, फार्मा और चुनिंदा बैंकिंग और फाइनेंशियल सर्विसेज सेक्टर के शेयरों में खरीदारी हुई है।
अगले हफ्ते बाजार पर जिन फैक्टर्स का सबसे ज्यादा असर हो सकता है उनमें सबसे अहम महंगाई दर के आंकड़े हैं। पिछले दो महीनों से इनफ्लेशन डेटा RBI के लॉन्ग-टर्म टारगेट 4 फीसदी (2 फीसदी ज्यादा या कम) से नीचे रहा है। दिसंबर में लगातार चौथे महीने में महंगाई दर घटी है।
2023 के पहले महीने में उम्मीद है कि इनफ्लेशन रेट 6 फीसदी से नीचे रह सकता है। पिछले हफ्ते हुई RBI की बैठक में मॉनेटरी पॉलिसी कमिटी ने रेपो रेट 0.25 फीसदी बढ़ाने का फैसला किया था।
थोक महंगाई दर (WPI) के आंकड़े 14 फरवरी को आने वाले हैं। 15 फरवरी को ट्रेड डेटा आने वाले हैं। और शुक्रवार 17 फरवरी को फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व के डेटा आने वाले हैं।
अमेरिका की महंगाई दर के आंकड़े 14 फरवरी को आने वाले हैं। इस डेटा पर दुनिया भर के निवेशकों की नजरे हैं। महंगाई के आंकड़ों से ही यह तय होगा कि फेड रिजर्व आने वाले महीनों में रेट बढ़ाएगा या नहीं। इस साल फरवरी की शुरुआत से अब तक अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 101.22 से बढ़कर 103.58 पहुंच गया है। इस दौरान अमेरिकी बॉन्ड यील्ड्स 3.42% से बढ़कर 3.74% पर पहुंच गया है।
इस हफ्ते करीब 1500 कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं। इनमें से ज्यादातर कंपनियों के नतीजे सोमवार-मंगलवार के बीच आ जाएंगे। इस हफ्ते जिन अहम कंपनियों के नतीजे आने वाले हैं उनमें नायका, अडानी एंटरप्राइजेज, आयश मोटर्स, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, ONGC, सीमेंस और नेस्ले इंडिया शामिल हैं।
इसके अलावा ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, सन फार्मा एडवांस्ड रिसर्च कंपनी, श्री रेणुका शुगर्स, SAIL, वोकहार्ट, कैंपस एक्टिवियर, गुजरात गैस, IRB इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलपर्स, शालिमार पेंट्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, बाटा इंडिया, भारत फोर्ज, बायोकॉन, बॉश, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, इपका लैब, प्रेस्टीज एस्टेट्स प्रोजेक्ट्स और स्पाइसजेट भी दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करने वाले हैं।
शेयर बाजार की नजर इस हफ्ते ऑयल प्राइस पर भी बनी रहेगी। रूस ने मार्च में हर दिन 5 लाख बैरल ऑयल प्रोडक्शन घटाने का फैसला किया है। रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद जब पश्चिमी देशों ने रूसी ऑयल पर पाबंदी लगा दी है। ऐसे में रूस का प्रोडक्शन कम करना एक अहम फैसला है। रूस की सरकार ने यह फैसला OPEC+ देशों के साथ सलाह-मशविरा लेकर नहीं कया है।
इस साल जनवरी में FII की जबरदस्त बिकवाली के बाद फरवरी में विदेशी निवेशकों ने कम शेयर बेचे हैं। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर बिकवाली आगे भी कम रही तो Nifty 50 के लिए यह बड़ा सपोर्ट बन सकता है।
जनवरी 2023 में 53,887 करोड़ रुपए की बिकवाली हुई थी। जबकि फरवरी में बिकवाली घट गई। 10 फरवरी को 1458 करोड़ रुपए के नेट खरीदारी हुई है।
अभी तक मिले प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, FII ने अभी तक 5000 करोड़ रुपए की नेट बिकवाली की है। वहीं इस दौरान घरेलू निवेशकों ने 6000 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की है।