Share Market Today: मजबूत ग्लोबल संकेतों के बीच शेयर बाजार में आज 10 सितंबर को लगातार दूसरे दिन रौनक रही। सेंसेक्स 362 अंक चढ़कर बंद हुआ। वहीं निफ्टी एक बार फिर 25,000 के ऊपर पहुंच गया। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज दिनभर में करीब साढ़े 3 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई। ब्रॉडर मार्केट में भी तेजी रही। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.5 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार के दौरान आईटी, टेलीकॉम, पावर और फार्मा शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली। इस तेजी के मुख्य कारण अमेरिकी शेयर बाजारों का मजबूत प्रदर्शन था। बीती रात अमेरिकी स्टॉक मार्केट के तीनों प्रमुख इंडेक्स 1 फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।
