Stock Market: शेयर बाजार लगातार चौथे दिन लुढ़का, निवेशकों के ₹3.04 लाख करोड़ डूबे, सेंसेक्स 425 अंक टूटकर बंद

Share Market Today: शेयर बाजार में आज 21 फरवरी को लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 425 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 22,800 के अहम स्तर से नीचे चला गया। निफ्टी मेटल इंडेक्स को छोड़ दें तो, बाकी सभी 12 सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 3.04 लाख करोड़ रुपये डूब गई

अपडेटेड Feb 21, 2025 पर 4:17 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप आज घटकर 401.81 लाख करोड़ हो गया

Share Market Today: शेयर बाजार में आज 21 फरवरी को लगातार चौथे दिन गिरावट जारी रही। सेंसेक्स 425 अंक गिरकर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 22,800 के अहम स्तर से नीचे चला गया। निफ्टी मेटल इंडेक्स को छोड़ दें तो, बाकी सभी 12 सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। इसके चलते शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति आज करीब 3.04 लाख करोड़ रुपये डूब गई। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी पिछले 2 दिनों से जारी तेजी का सिलसिला आज थम गया। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.18 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.43 फीसदी टूटकर बंद हुआ। यह लगातार तीसरा हफ्ता है, जब सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए हैं।

कारोबार के अंत में, बीएसई सेंसेक्स 424.90 अंक या 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ 75,311.06 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स, निफ्टी 117.25 अंक या 0.51 फीसदी लुढ़ककर 22,795.90 के स्तर पर बंद हुआ।

निवेशकों के ₹3.04 लाख करोड़ डूबे

बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज 21 फरवरी को घटकर 401.81 लाख करोड़ रुपये पर आ गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार 20 फरवरी को 404.85 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 3.04 लाख करोड़ रुपये घटा है। या दूसरे शब्दों में कहें तो निवेशकों की संपत्ति में करीब 3.04 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।


सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक तेजी

बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 9 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें टाटा स्टील (Tata Steel) के शेयरों में 1.88 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो (L&T), एचसीएल टेक (HCL Tech), एशियन पेंट (Asian Paint) और एचडीफएसी बैंक (HDFC Bank) के शेयर 0.31 फीसदी से लेकर 1.10 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।

सेंसेक्स के इन 5 शेयरों में रही सबसे अधिक गिरावट

वहीं सेंसेक्स के बाकी 21 शेयर आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें भी महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) का शेयर 6.07 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं अदाणी पोर्ट्स (Adani Ports), टाटा मोटर्स (Tata Motors), सन फार्मा (Sun Pharma) और पावर ग्रिड (Power Grid) के शेयरों में 1.52 फीसदी से लेकर 2.57% तक की गिरावट देखी गई।

सेंसेक्स के बाकी शेयरों का क्या हाल रहा, इसे आप नीचे दिए गए तस्वीर में देख सकते हैं-

sensex166

2,242 शेयरों में रही गिरावट

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज गिरावट के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,060 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,703 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,242 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 115 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 60 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 128 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।

sensex166f

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

यह भी पढ़ें- Axis Bank का शेयर देख सकता है 21% तक तेजी, नोमुरा ने टॉप पिक्स में किया शामिल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।