भारतीय शेयर बाजारों के लिए 9 अप्रैल का दिन बेहद खराब साबित हुआ। एक दिन पहले तूफानी तेजी देखने वाला मार्केट गुरुवार को धराशायी हो गया। दिन में सेंसेक्स पिछली क्लोजिंग से 1215 अंक तक टूटकर 76,347.90 के लो तक गया। इसी तरह निफ्टी 314.55 अंक तक गिरकर 23,682.80 के लो तक गया। बाद में सेंसेक्स 931.25 अंक या 1.20 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 76,631.65 पर बंद हुआ। निफ्टी 222.25 अंक या 0.93 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,775.10 पर बंद हुआ।
मार्केट में इस जबरदस्त गिरावट के बीच BSE पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,44,79,150.90 करोड़ रुपये हो गया। बुधवार को यह 4,44,68,084.49 करोड़ रुपये था। इसका मतलब हुआ कि 72,250.95 करोड़ रुपये की कमी।
दरअसल ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर को लेकर अनिश्चितता ने एक बार दुनिया के अधिकतर बाजारों में बिकवाली का माहौल बना दिया है। बुधवार को इजरायल ने लेबनान पर अब तक के सबसे जोरदार हमले किए। इसके चलते ईरान ने कहा है कि अमेरिका के साथ ऐसे हालात में द्विपक्षीय बातचीत बेमानी है। शनिवार को होने वाली US-ईरान बातचीत से पहले मिले विरोधाभासी संकेतों ने इस डर को फिर से जगा दिया है कि यह संघर्ष-विराम शायद सिर्फ एक अस्थायी विराम ही हो। घरेलू बाजार में छाई गिरावट की एक प्रमुख वजह प्रॉफिट बुकिंग भी रही। लगातार 5 सत्रों की बढ़त के बाद निवेशकों ने बड़े पैमाने पर सेलिंग की। एशियाई बाजार भी लाल निशान में हैं।
इस बीच कच्चे तेल में तेजी लौट आई है क्योंकि सीजफायर पर सहमति न बन पाने के कारण ईरान ने महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग होर्मुज स्ट्रेट फिर बंद कर दिया है। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 2.09 प्रतिशत की बढ़त के साथ 96.73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। US वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड की कीमत 2.60 डॉलर या 2.75 प्रतिशत बढ़कर 97.01 डॉलर प्रति बैरल हो गई।
रुपया गुरुवार को शुरुआती कारोबार में 17 पैसे टूटकर 92.71 प्रति डॉलर पर आ गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में स्थिति नाजुक बनी रहने से बाजार मजबूत रुख अपनाने के बजाय ‘वेट एंड वॉच’ की स्थिति में हैं।
निफ्टी पर सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट में
गुरुवार को निफ्टी पर सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट और तेजी का मिलाजुला रुख दिखा। निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 1.75 प्रतिशत गिरा। पीएसयू बैंक और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स 1.27 प्रतिशत नीचे आया। वहीं मेटल इंडेक्स में 1.25 प्रतिशत की तेजी दिखी। निफ्टी पर हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, बजाज ऑटो, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, डॉ. रेड्डीज लैब्स और NTPC टॉप गेनर्स रहे। वहीं इंडिगो, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो, श्रीराम फाइनेंस, एटर्नल टॉप लूजर्स रहे।
एक दिन पहले कितनी आई थी तेजी
इससे पहले बुधवार को शेयर बाजार में लगातार 5वें दिन तेजी दर्ज की गई थी और यह जोरदार रही थी। पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा था। इसके अलावा RBI के रेपो रेट को स्थिर रखने के फैसले, सभी क्षेत्रों में भारी खरीद और अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती से भी निवेशकों की धारणा में सुधार हुआ था। सेंसेक्स 2,946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 पर और निफ्टी 873.70 अंक या 3.78 प्रतिशत बढ़कर 23,997.35 पर बंद हुआ था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।