कैरारो इंडिया और टॉलिन्स टायर्स (Tolins Tyres) के शेयरों में आज 26 मार्च को भारी गिरावट देखी गई। कारोबार के दौरान इनके शेयर 7.5 फीसदी तक टूट गए। यह गिरावट इनके शेयरों की लॉक-इन अवधि खत्म होने के बाद आई है, जिसके चलते इन कंपनियों के अतिरिक्त शेयर आज से कारोबार के लिए उपलब्ध हो गए हैं। कैरारो इंडिया और टॉलिन्स टायर्स के अलावा, वेंटीव हॉस्पिटैलिटी (Ventive Hospitality) और सेनोरेस फार्मा (Senores Pharma) के शेयरों की लॉक-इन अवधि भी आज से खत्म हुई है और इनमें भी बिकवाकी का दबाव देखा जा रहा है।
वेंटिव हॉस्पिटैलिटी के के 56 लाख शेयरों की लॉक-इन अवधि आज 26 मार्च से खत्म हुई है। यह इसकी कुल हिस्सेदारी का करीब 2 फीसदी है। इसके बाद आज स्टॉक में 4.4% की गिरावट आई है। फिलहाल यह शेयर अपने उच्चतम स्तर से 12% नीचे है, लेकिन ₹643 के अपने आईपीओ प्राइस से अभी भी ऊपर बना हुआ है।
टॉलिन्स टायर्स के 2.14 करोड़ शेयरों की 6-महीने की लॉक-इन अवधि आज से खत्म हो गई है। इसके बाद इसके शेयर कारोबार के दौरान 1.5 फीसदी तक गिर गए। फिलहाल यह शेयर अपने 233 रुपये के आईपीओ प्राइस से आधा रह गया है।
सेनोरेस फार्मा के 33 लाख शेयरों की लॉक-इन अवधि आज से खत्म हो रही है। यह कंपनी की करीब 7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। शेयर अपने निचले स्तर से ऊपर आ चुका है, लेकिन अभी भी 2.7 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। शेयर अपने आईपीओ प्राइस 391 रुपये से ऊपर कारोबार कर रहा है।
श्री तिरुपति बालाजी एग्रो ट्रेडिंग इस लिस्ट में आखिरी स्टॉक है। कंपनी के 4.47 करोड़ शेयर पर 6-महीने की लॉक इन अवधि आज से खत्म हुई है। यह कंपनी की करीब 55 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। फिलहाल यह शेयर अपने 83 रुपये के आईपीओ प्राइस से 42 फीसदी नीचे कारोबार कर रहा है।