भारत की शिपबिल्डिंग कंपनियों के शेयरों में पिछले कुछ दिनों से गिरावट जारी है। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड, कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और गार्डन रीच शिपबिल्डर्स लिमिटेड के शेयरों ने इस महीने की शुरुआत में अपने रिकॉर्ड हाई को छू लिया था। हालांकि, इसके बाद इन स्टॉक्स में अपने हाई से करीब 15 से 20 फीसदी की गिरावट आ चुकी है। अब सवाल यह है कि शिपिंग स्टॉक्स में यह गिरावट खरीदारी का मौका है या इनमें आगे भी गिरावट जारी रह सकती है।
रिकॉर्ड हाई से 20 फीसदी तक लुढ़के Shipbuilding Stocks
मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स ने 4 जुलाई को ₹5860 के रिकॉर्ड हाई को छू लिया था, लेकिन अब यह अपने हाई से 16% गिरकर ₹5000 के नीचे आ गया है। कंपनी के शेयरों में आज भी 2.68 फीसदी की गिरावट आई है और यह 4911.90 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। लगातार गिरावट के चलते कंपनी का मार्केट कैप घटकर 99,068 करोड़ रुपये पर आ गया है।
कोचीन शिपयार्ड के शेयर 8 जुलाई को ₹2979 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए थे और तब से इसमें गिरावट जारी है। इस सरकारी शिपबिल्डर के शेयरों में भी रिकॉर्ड हाई से 16 फीसदी की गिरावट आई है।
इसके अलावा, गार्डन रीच शिपबिल्डर्स के शेयरों में इसके पियर्स की तुलना में और भी बड़ा करेक्शन देखने को मिला है। शेयर 5 जुलाई को ₹2833 के अपने रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया था। लेकिन अब यह उस लेवल से करीब 19 फीसदी टूट चुका है। कंपनी के शेयरों में आज 4.42 फीसदी की गिरावट आई है और यह 2273 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
ट्रेडबुल्स के सच्चितानंद उत्तेकर ने कहा, "इन स्टॉक्स के मंथली RSI वैल्यू का अधिकांश हिस्सा 85 और 95 के बीच है, जो कि बहुत अधिक ऑप्टिमिस्टिक रीडिंग है जो आखिरकार निराशा की ओर ले जाती है। इसमें कोई शक नहीं कि यह एक प्रॉफिटेबल एरिया है जहां प्रॉफिट का एक बड़ा हिस्से को बुक किया जाना चाहिए। पिछले कई हफ्तों से अब तक कीमत में गिरावट धीरे-धीरे हो रही है, लेकिन आने वाले सत्रों में इसमें तेजी आ सकती है जब बाजार बेहतर मुनाफे वाले क्षेत्रों की तलाश करेगा। ऐसे अवसरों की तलाश करना सबसे अच्छा है जहां रिलेटिव स्ट्रेंथ में सुधार हो रहा हो और इस सेक्टर के अंदर मुनाफा बुक करें।"
इस करेक्शन के बाद भी मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स के शेयर वित्तीय वर्ष 2026 के 34.7 गुना प्राइस-टू-अर्निंग मल्टीपल पर ट्रेड कर रहे हैं। कोचीन शिपयार्ड के शेयर भी वित्तीय वर्ष 2026 के 54 गुना के प्राइस-टू-अर्निंग मल्टीपल पर कारोबार कर रहे हैं, जो स्टॉक के एवरेज 5-ईयर प्राइस-टू-अर्निंग मल्टीपल 14 गुना से काफी ऊपर है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स के शेयर भी वन ईयर फॉरवर्ड अर्निंग मल्टीपल 41.75 गुना पर ट्रेड कर रहे हैं, जबकि इसका पांच साल का एवरेज मल्टीपल 16.9 गुना है।