Short Call: इस साल 2024 में स्टॉक मार्केट में काफी उतार-चढ़ाव रहा। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) रिकॉर्ड हाई से फिलहाल 10 फीसदी से अधिक नीचे हैं लेकिन इस पूरे साल की बात करें तो इनमें 8-8 फीसदी से अधिक की तेजी आई। 27 सितंबर को इंट्रा-डे में सेंसेक्स 86 हजार के काफी करीब 85,978.25 और निफ्टी भी 26300 के करीब 26,277.35 तक पहुंचा था। इस उठा-पटक के बावजूद भारतीय शेयरों पर वैश्विक निवेशकों का रुझान बना हुआ है और विकासशील देशों के शेयरों को लेकर बने MSCI के इंडेक्स में भारत का दबदबा बढ़ा है। अब अगले साल के लिए बात करें तो जिंका लॉजिस्टिक्स और जेएसडब्ल्यू एनर्जी पर दांव कैसे लगाएं, इसकी स्ट्रैटेजी नीचे दी जा रही है।
Zinka Logistics (मौजूदा भाव- ₹481.55)
मॉर्गन स्टैनले ने इसे अंडरपरफॉर्म रेटिंग के साथ ब्लैकबक (BlackBuck) की पैरेंट कंपनी जिंका लॉजिस्टिक्स की कवरेज शुरू की तो शेयर धड़ाम से लगातार दूसरे दिन लोअर सर्किट पर आ गए। आज यह 5 फीसदी के लोअर सर्किट 481.55 रुपये पर है। अब इसमें बुल और बेयर दोनों केस में अलग-अलग बात करें तो ब्रोकरेज मॉर्गन स्टैनले का मानना है कि मार्केट में मजबूत स्थिति से इसकी अर्निंग्स ग्रोथ को अच्छा सपोर्ट है। वहीं दूसरी तरफ मॉर्गन स्टैनले का मानना है कि 22 नवंबर को लिस्टिंग के बाद से ताबड़तोड़ तेजी ने नियर टर्म में और उछाल की गुंजाइश कम कर दी है। इसके शेयर 273 रुपये के भाव पर जारी हुए थे और 27 दिसंबर को यह 548 रुपये के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था। मॉर्गन स्टैनले ने इसमें निवेश के लिए 450 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है।
JSW Energy (मौजूदा भाव- ₹633.50)
जेएसडब्ल्यू एनर्जी की इकाई जेएसडब्ल्यू नियो एनर्जी ने ओ2 पावर का अधिग्रहण कर लिया है। इससे कंपनी का रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो मजबूत हुआ है और यह वित्त वर्ष 2027/28 तक 25 गीगावॉट के लक्ष्य को हासिल करने की स्थिति में और बेहतर हुई है। इससे लॉन्ग टर्म में कंपनी की ग्रोथ सुनिश्चित हुई है। चूंकि क्लीन एनर्जी की मांग बढ़ रही है तो इस सौदे से बढ़ती मांग को भुनाने की स्थिति कंपनी के लिए और बेहतर हुई है।
हालांकि दूसरी तरफ इस खरीदारी से इंटीग्रेशन रिस्क और मिलकर काम करने से जुड़ी चुनौतियों से इसके मुनाफे पर असर दिख सकता है। इसके अलावा कंपनी ने कैपेसिटी को लेकर लक्ष्य तय किया है, उसके लिए भारी निवेश की जरूरत है और साथ ही प्रोजेक्ट डेवलपमेंट या नियामकीय मंजूरी में देरी से भी ग्रोथ को झटका लग सकता है। ओवरऑल बात करें तो मोतीलाल ओसवाल ने इसे 810 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है।
(मौजूदा भाव बीएसई पर से खबर लिखे जाने के समय)
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।