22% डिस्काउंट पर होगी Shree Ram Twistex की एंट्री? 43 गुना भरा था IPO, अब झटके की आशंका पर सहमे निवेशक

Shree Ram Twistex IPO GMP: श्री राम ट्विस्टेक्स कॉम्पैक्ट रिंग स्पन और कार्डेड यार्न जैसे सूती धागे बनाती है। इसमें कॉम्ब्ड भी होते हैं और कार्डेड भी। अब इसके शेयर लिस्ट होने वाले हैं। हालांकि आईपीओ के 43 गुना से अधिक सब्सक्राइब होने के बाद अब इसके 22% से अधिक डिस्काउंट पर लिस्ट होने की आशंका है। चेक करें डिटेल्स

अपडेटेड Mar 01, 2026 पर 9:30 AM
Story continues below Advertisement
Shree Ram Twistex IPO Subscription: श्री राम ट्विस्टेक्स का ₹110 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 23-25 फरवरी तक खुला था। अब इसके शेयरों की लिस्टिंग का इंतजार है।

Shree Ram Twistex IPO Listing Gain: धागे बनाने वाली कंपनी श्री राम ट्विस्टेक्स के ₹110 करोड़ के आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था। ओवरऑल इसे 43 गुना से अधिक बोली मिली थी।अब इसके ₹104 के शेयरों की 2 मार्च को लिस्टिंग होने वाली है। हालांकि ग्रे मार्केट से जो संकेत मिल रहे हैं, उसके मुताबिक आईपीओ निवेशकों को तगड़ा शॉक लग सकता है। इसकी वजह ये है कि ग्रे मार्केट में इसकी GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) ₹81 यानी है यानी कि आईपीओ निवेशकों को लिस्टिंग पर 22.12% का घाटा हो सकता है। वैसे बता दें कि जिन दिन इसका आईपीओ क्लोज हुआ था, उसी दिन जीएमपी 5% से अधिक निगेटिव हो गई थी और उसके एक दिन पहले यह करीब 13% पॉजिटिव था। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय लिस्टिंग के दिन मार्केट सेंटिमेंट के साथ-साथ कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स ही शेयरों की चाल तय करते हैं।

Shree Ram Twistex IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च

श्री राम ट्विस्टेक्स का ₹110 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 23-25 फरवरी तक खुला था। इसका प्राइस बैंड प्रति शेयर ₹95-104 था। इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला और ओवरऑल यह 43.66 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 3.94 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 220.30 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 76.63 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 1.06 करोड़ नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹7.35 करोड़ कैप्टिव यूज के लिए 6.1 मेगावाट सोलर पावर प्लांट और ₹39 करोड़ 4.2 मेगावाट पावर प्लांट के सेट अप की फंडिंग, ₹14.89 करोड़ कर्ज हल्का करने, ₹44 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।


Shree Ram Twistex के बारे में

श्री राम ट्विस्टेक्स कॉम्पैक्ट रिंग स्पन और कार्डेड यार्न जैसे सूती धागे बनाती है। इसमें कॉम्ब्ड भी होते हैं और कार्डेड भी। इन धागों का इस्तेमाल डेनिम, टेरी टॉवेल, शर्टिंग, शीटिंग, स्वेटर, मोजे, बॉटमवियर, होम टेक्सटाइल और औद्योगिक कपड़ों इत्यादि की बुनाई और सिलाई में होता है। इसके अलावा यह एली ट्विस्ट (कॉम्ब्ड और कार्डेड), कॉम्पैक्ट स्लब यार्न और लाइक्रा-ब्लेंडेड यार्न जैसे वैल्यू-एडेड यार्न भी ऑफर करती है।

कंपनी बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) मॉडल पर काम करती है। इसके प्रोडक्ट्स की बिक्री गुजरात, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश और पंजाब समेत कई राज्यों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली में होती है और यह निर्यात भी करती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के राजकोट के गोंडल में है, जिसमें 27,744 स्पिंडल काउंट के साथ 17 कॉम्पैक्ट रिंग-स्पिनिंग मशीनें हैं। इसके अलावा कंपनी के पास पांच गोदाम भी हैं, जिनमें दो कच्चा माल रखने के लिए, दो तैयार माल रखने और एक जनरल स्टोरेज के लिए हैं। इनकी कुल स्टोरेज कैपेसिटी 9,855 टन है।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹2.05 करोड़ शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में बढ़कर ₹6.55 करोड़ और वित्त वर्ष 2025 में ₹8.00 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना करीब 9% की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹256.32 करोड़ पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में इसे ₹7.00 करोड़ का शुद्ध मुनाफा तो ₹132.27 करोड़ का रेवेन्यू हासिल हुआ था।

NSE IPO: खुद के प्लेटफॉर्म पर लिस्ट नहीं होगा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज, CEO ने बताई वजह

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।