Shriram Finance Shares: दिग्गज एनबीएफसी श्रीराम फाइनेंस के शेयरों में आज जोरदार तेजी आई। कंपनी ने ऐलान किया कि बोर्ड ने एमयूएफजी (MUFG) बैंक को 47.11 करोड़ इक्विटी शेयरों के अलॉटमेंट को मंजूरी दे दी है। इसमें मार्केट की शानदार रौनक के बीच तगड़ा सपोर्ट किया और श्रीराम फाइनेंस का शेयर रॉकेट बन गया। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 9.99% की बढ़त के साथ ₹1023.55 (Shriram Finance Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 11.29% चढ़कर ₹1035.65 तक पहुंच गया था।
आज मार्केट में माहौल की बात करें तो घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) करीब 4% तक उछल पड़े। सेंसेक्स इंट्रा-डे में 2900 से अधिक प्वाइंट्स उछलकर 77600 के पार तो निफ्टी 50 भी 890 प्वाइंट्स चढ़कर 24 हजार के पार चला गया। सेंसेक्स के सभी 30 स्टॉक्स तो शुरुआती कारोबार में ग्रीन थे तो निफ्टी के सभी सेक्टर के इंडेक्स ग्रीन जोन में थे। मिडकैप और स्मॉलकैप सेगमेंट में भी खरीदारी का तगड़ा जोश दिखा।
Shriram Finance के शेयर किस भाव पर मिले MUFG को?
श्रीराम फाइनेंस के बोर्ड ने मित्सुबिशी यूएफजी फाइनेंशियल ग्रुप (MUFG) बैंक को 47.11 करोड़ इक्विटी शेयर ₹840.93 के भाव पर एलॉट किए हैं। इससे कंपनी ने लगभग ₹39,618 करोड़ जुटाए हैं। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक ये शेयर हर मामले में मौजूदा शेयरों के समान ही होंगे यानी कि उन्हें मौजूदा शेयहोल्डर्स के समान ही डिविडेंड जैसे ऐलान का फायदा और वोटिंग राइट्स मिलेगा। इससे पहले केंद्रीय बैंक आरबीआई ने श्रीराम फाइनेंस से फरवरी महीने में ही कह दिया था कि इस लेन-देन के लिए एमयूएफजी बैंक को पहले से मंजूरी लेने की जरूरत नहीं है। वहीं शेयरहोल्डर्स ने इस डील पर 14 जनवरी, 2026 को हामी भर दी थी। बता दें कि एमयूएफजी ने दिसंबर 2025 में ऐलान किया था कि वह ₹39,620 करोड़ में श्रीराम फाइनेंस में 20% हिस्सेदारी हासिल करेगा। इस सौदे के तहत एमयूएफजी और श्रीराम फाइनेंस के बीच एक रणनीतिक साझेदारी हुई है, जिसके तहत एमयूएफजी बैंक कंपनी के बोर्ड में दो डायरेक्टर्स नॉमिनेट करेगा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
श्रीराम फाइनेंस के शेयरों ने निवेशकों की धड़ाधड़ तगड़ी कमाई कराई है। पिछले साल 29 अगस्त 2025 को बीएसई पर यह ₹566.40 के भाव पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से छह ही महीने में यह 95.62% उछलकर 26 फरवरी 2026 को ₹1,108.00 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।