Shriram Properties Stock Price: दक्षिण भारत की रियल एस्टेट कंपनी श्रीराम प्रॉपर्टीज की आज शेयर बाजार में कमजोरी एंट्री हुई। कंपनी के शेयर 20 दिसंबर को इश्यू प्राइस से 20% नीचे लिस्ट हुए हैं। Shriram Properties का इश्यू प्राइस 118 रुपए था और इसके शेयरों की लिस्टिंग BSE पर 94 रुपए पर हुई है।
इस कंपनी के इश्यू को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। Shriram Properties का इश्यू 8 दिसंबर को खुला और 10 दिसंबर को बंद हुआ था। यह 4.6 गुना सब्सक्राइब हुआ था। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्से में 12.72 गुना सब्सक्रिप्शन हुआ था। वहीं नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने अपने हिस्से में 4.82 गुना बोली लगाई थी। क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से में 1.85 गुना और कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्से में 1.25 गुना बोली लगी थी।
Shriram Properties 600 करोड़ रुपए का इश्यू लेकर आई थी। इसमें 250 करोड़ रुपए का फ्रेश इश्यू और 350 करोड़ रुपए का ऑफर फॉर सेल (OFS) था। कंपनी फ्रेश इश्यू से जुटाए गए फंड का इस्तेमाल अपना और अपनी सब्सिडियरी कंपनियों का कर्ज चुकाने में करेगी।
Shriram Properties को साल 2019 में मार्केट रेगुलेटर सेबी से 1250 करोड़ रुपए के IPO की मंजूरी मिली थी, लेकिन कंपनी ने तब इश्यू लॉन्च नहीं किया था। कंपनी दूसरी कोशिश में IPO लेकर आई लेकिन लिस्टिंग के दिन कोई उत्साह नजर नहीं आया।
Shriram Properties दक्षिण भारत की कंपनी है। इसका फोकस मिड-मार्केट और अफोर्डेबल हाउसिंग कैटेगरी पर है। 30 सितंबर 2021 तक कंपनी ने 29 प्रोजेक्ट पूरा कर लिया था। कंपनी ने खास तौर पर बेंगलुरु और चेन्नई में अपने प्रोजेक्ट बनाए हैं।