जाने-माने निवेशक और 3पी इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स के निदेशक प्रशांत जैन का कहना है कि वे भारत की ग्रोथ स्टोरी को लेकर बुलिश हैं। आगे इंडियन इक्विटी मार्केट में जोरदार ग्रोथ की संभावना है। उनका मानना है कि इकोनॉमी और बचत में बढ़त के साथ ही इक्विटी मार्केट में ओर निवेश आता दिखेगा। फंड-मैनेजर से उद्यमी बने और अपने कॉन्ट्रेरियन बेट्स (ट्रेंड के विपरीत) के लिए पहचाने जाने वाले प्रशांत ने मनीकंट्रोल को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में आगे कहा कि वे बैंकिंग शेयरों को लेकर बुलिश हैं। यहां हम आपके लिए इस लंबी बातचीत का संपादित अंश दे रहे हैं।
बाजार और इकोनॉमी को लेकर पॉजिटिव
बाजार और इकोनॉमी पर बात करते हुए प्रशांत जैन ने कहा कि बड़े निवेशक बाजार और इकोनॉमी को लेकर काफी ज्यादा पॉजिटिव हैं। इंडियन इकोनॉमी का मीडियम से लॉन्ग टर्म ग्रोथ आउटलुक काफी मजबूत है। देश में इक्विटी मार्केट में लोगों के रुझान में लगातार बढ़त देखने को मिल रही है। खासकर कोविड के बाद, कहानी एकदम से बदल गई है। अधिकांश लोग अब इस बात से सहमत हैं कि अगले दशक में भारत की इकोनॉमी में तेज ग्रोथ देखने को मिलेगी। इसके अलावा अप्रैल से फिक्सड इनकम पर लागू कर नियमों में बदलाव से भी इक्विटी में निवेश बढ़ने की संभावना दिख रही है।
बाज़ार में ग्रोथ की काफी ज्यादा गुंजाइश
प्रशांत का मानना है कि भारतीय बाज़ार में ग्रोथ की काफी ज्यादा गुंजाइश है। भारत लगभग 4 लाख करोड़ डॉलर की इकोनॉमी है जिसमें 10 फीसदी की फाइनेंशियल सेविंग होती है, जो प्रति वर्ष 400 अरब डॉलर होती है। यह एक बड़ी धनराशि है। इसका एक बड़ा हिस्सा ईपीएफओ, बीमा, म्यूचुअल फंड, एआईएफ, पीएमएस और प्रत्यक्ष इक्विटी जैसे फाइनेंशियल इन्स्ट्रूमेंट में अपने लिए रास्ता तलाश रहा है। जैसे-जैसे अर्थव्यवस्था बढ़ती है और बचत भी बढ़ती है। ऐसे में समय के साथ इक्विटी में भी निवेश बढ़ता दिखेगा।
पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा लार्ज-कैप शेयरों का
आपके पोर्टफोलियो में किन शेयरों और सेक्टर पर फोकस है? इसके जबाब में प्रशांत ने कहा कि शुरुआत में उनके पोर्टफोलियो में छोटे-मझोले शेयरों का मिश्रण था, लेकिन अब उनके पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा लार्ज-कैप शेयरों का है। छोटे-मझोले शेयरों में हाल के दिनों में काफी तेजी आई है। इस तेजी के बाद अब इस स्पेस में सही भाव वाले शेयर खोजना मुश्किल हो गया है। ऐसे में अब लार्ज-कैप शेयरों पर ही फोकस किया जा रहा है।
बैंकिंग सेक्टर का वैल्यूएशन अच्छा, एनर्जी सेक्टर को लेकर भी बुलिश
प्रशांत ने इस बातचीत में आगे कहा कि उनको बैंकिंग सेक्टर का वैल्यूएशन अच्छा दिख रहा है। इनका प्रदर्शन लंबे समय से खराब चल रहा है। लेकिनन मजबूत कॉर्पोरेट और बैंक बैलेंस शीट के कारण मौजूदा माहौल बैंकों के लिए अनुकूल है। प्रशांत ने बताया कि वे एनर्जी सेक्टर को लेकर भी बुलिश हैं। ये सेक्टर कुछ साल पहले तक एक कॉन्ट्रेरियन बेट माना जाता था लेकिन अब आम सहमति से इस सेक्टर पर दांव लगाने की राय बन रही है।
लार्ज-कैप स्टॉक अभी ओवरवैल्यूड नहीं, छोटे-मझोले शेयरों का वैल्यूएशन महंगा
इस बातचीत में प्रशांत ने आगे कहा कि लार्ज-कैप स्टॉक अभी उन्हें ओवरवैल्यूड नहीं दिख रहे हैं। हालांकि छोटे-मझोले शेयरों का वैल्यूएशन महंगा दिख रहा है। प्रशांत की राय है कि छोटे-मझोले शेयरों के आधार पर पूरे बाजार का आकलन नहीं करना चाहिए। ये बाजार के पूरे वैल्यूशन के केवल एक छोटे हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। निफ्टी के कुछ सेक्टर जैसे बैंक, आईटी और कंज्यूमर ने हाल के सालों में स्टेबल या खराब प्रदर्शन किया है। पिछले दो सालों में निफ्टी का सीएजीआर सिर्फ 4 फीसदी रहा है, जिससे इसके वैल्यूएशन की रेटिंग कम हो गई है। वित्त वर्ष 2026 की अनुमानित कमाई के आधार पर बाजार 16 गुने पर कारोबार कर रहा है। ऐसे में बाजार का वर्तमान वैल्यूएशन काफी अच्छा लग रहा है।
एचडीएफसी बैंक आपकी टॉप पिक क्यों है? इसके जवाब में प्रशांत ने कहा कि एचडीएफसी बैंक जोरदार ग्रोथ संभावनाओं के साथ एक मजबूत फ्रेंचाइजी बना हुआ है। इसका वैल्यूशन काफी अच्छा दिख रहा है। स्टॉक की हालिया डी-रेटिंग से इसके फंडामेंटल्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इसके अलावा, यह एक इंडेक्स हैवीवेट है। इंडेक्स से बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद करने वाले मैनेजर्स के लिए यह स्टॉक काफी अहम है। ऐसे में इस स्टॉक पर दांव लगाना अच्छा फैसला है।
कोटक बैंक पर अपनी राय देते हुए प्रशांत ने कहा कि कोटक बैंक एक वेल मैनेज्ड बैंक है। इसकी विश्वसनीयता हाई लेवल की है। हालांकि, समान क्वालिटी वाले दूसरे बैंकों की तुलना में यह थोड़ा महंगा स्टॉक है। प्रशांत ने बताया कि वर्तमान में ये स्टॉक उनके पास नहीं है लेकिन यह एक मजबूत बैंक है जिसमें आगे अच्छी ग्रोथ की संभावना है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।