NSE का स्मॉल-कैप इंडेक्स (Small-cap Index) 31 फीसदी लुढ़क चुका है। कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि स्मॉल कैप शेयरों में पैसे लगाने का सही वक्त है। दरअसल, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। तब से यह 30% से ज्यादा गिरा है। ज्यादा वैल्यूएशंस, बढ़ता इंटरेस्ट रेट, हाई इनफ्लेशन और मुनाफे में कम ग्रोथ का असर कंपनियों के शेयरों पर पड़ा है।
ब्लूमबर्ग के डेटा के मुताबिक, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स का एक साल का फॉरवर्ड प्राइस-टू-अर्निंग्स (PE) रेशियो मार्च 2021 में 28.53 गुना की रिकॉर्ड ऊंचाई पर था। इस लेवल से यह 51 फीसदी गिरकर करीब 14 गुना पर आ गया है। इसके मुकाबले निफ्टी 50 का एक साल का फॉरवर्ड पीई 27.8 गुना की अपनी रिकॉर्ड ऊंचाई से करीब 37 फीसदी घटकर 17.4 गुना पर आ गया है।
रिलेटिव वैल्यूएशन के लिहाज से स्मॉल-कैप स्टॉक्स जुलाई 2020 के बाद से निफ्टी 50 की कंपनियों के मुकाबले सबसे सस्ते स्तर पर हैं। अभी निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में निफ्टी 50 के मुकाबले (एक साल के फॉरवर्ड पीई के आधार पर) 20 फीसदी से ज्यादा डिस्काउंट पर कारोबार हो रहा है। इससे पहले दोनों सूचकांकों की वैल्यूएशंस में 20 फीसदी से ज्यादा डिस्काउंट के बाद स्मॉलकैप शेयरों में तेजी का दौर दिखा है। इससे दोनों के बीच के डिस्काउंट में कमी आई।
निवेशआय के फाउंडर और पोर्टफोलियो मैनेजर अरविंद कोठारी ने कहा, "यह लंबी अवधि के इनवेस्टर्स के लिए खरीदारी का सही समय है, जब शेयर के प्राइसेज इतने सही वैल्यूएशन पर हैं। हम कह सकते हैं कि रिस्क-रिवॉर्ड रेशियो लंबी अवधि के इनवेस्टर्स के पक्ष में है।"
हालांकि, कोठारी ने कहा कि सिर्फ वैल्यूएशंस में डिस्काउंट को नहीं देखना चाहिए। इनवेस्टर्स को उन कंपनियों पर विचार करना चाहिए, जिनका कैश फ्लो और बैलेंसशीट अच्छी है। फिर ये सही वैल्यूएशन पर उपलब्ध होने चाहिए।
उन्होंने कहा, "निवेश के फैसले इस आधार पर नहीं लिए जाने चाहिए कि एक या दो साल में हालात बदलने की उम्मीद को देखते हुए शेयरों की कीमतें सस्ती दिख रही हैं। उम्मीद कभी निवेश की रणनीति नहीं हो सकती।"
इंटरेस्ट रेट ज्यादा होने पर स्मॉल-कैप कंपनियों की वैल्यूएशंस में कमी आती है। शंकर शर्मा जैसे दिग्गज इनवेस्टर्स ने भी स्मॉल-कैप शेयरों पर दांव लगाने के बारे में कहा है। उन्होंने कहा है, "यह अगले 10 साल के लिए अच्छी क्वालिटी के स्मॉल कैप शेयरों को खरीदने का सही समय है।"
एनालिस्ट्स का कहना है कि वैल्यूएशंस भले ही नीचे आ गई हैं, लेकिन स्मॉल कैप शेयरों की चमक जल्द बढ़ने की उम्मीद नहीं है। इसकी वजह यह है कि पिछले चार महीनों से बाजार में गिरावट को देखते हुए इनवेस्टर्स की रिस्क लेने की क्षमता कम हुई है।