₹1.1 लाख के निवेश से बने ₹18.6 लाख! 12 शेयरों वाला ये मल्टीबैगर पोर्टफोलियो, एक स्टॉक जिसने कर दिया मालामाल

Smallcap Investment: फरवरी 2021 में 12 स्मॉलकैप शेयरों में किए गए ₹1.10 लाख के निवेश ने 5 साल में बढ़कर ₹18.65 लाख का बड़ा फंड बना दिया है। टिकरटेप पर 17 कड़े फिल्टर और 'इक्वल-वेइट' रणनीति अपनाकर यह पोर्टफोलियो तैयार किया गया था, जिसमें कंडोम बनाने वाली कंपनी के शेयर ने सबसे बड़ा रिटर्न दिया

अपडेटेड Nov 18, 2026 पर 3:57 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फरवरी 2021 में 12 स्मॉलकैप शेयरों में प्रति शेयर करीब ₹9,000 यानी कुल ₹1.10 लाख का निवेश किया था, जो 17 नवंबर 2026 तक बढ़कर ₹18,64,562 हो गया

Smallcap Investment Success Story: शेयर बाजार में लंबी अवधि तक निवेश बनाए रखने और क्वालिटी स्टॉक्स चुनने का क्या फायदा मिलता है, इसका एक बेहतरीन उदाहरण सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर वायरल हो रहा है। एक निवेशक ने खुलासा किया है कि उन्होंने फरवरी 2021 में 12 स्मॉलकैप शेयरों में प्रति शेयर करीब ₹9,000 यानी कुल ₹1.10 लाख का निवेश किया था, जो 17 नवंबर 2026 तक बढ़कर ₹18,64,562 हो गया। इस दौरान पोर्टफोलियो से लगभग ₹27,000 का डिविडेंड भी मिला, जिससे कुल वैल्यू करीब ₹18.92 लाख हो गई।

17 फिल्टर और इक्वेट-वेट स्ट्रैटेजी का इस्तेमाल

निवेशक ने बताया कि उन्होंने स्टॉक स्क्रीनिंग प्लेटफॉर्म 'टिकरटेप' पर 17 कड़े फिल्टर का इस्तेमाल करके यह पोर्टफोलियो तैयार किया था। उन्होंने 'इक्वल-वेइट एलोकेशन' रणनीति अपनाई, जिसका मकसद मजबूत फाइनेंशियल परफॉर्मेंस, कम कर्ज और लगातार ग्रोथ वाली कंपनियों की पहचान करना था, साथ ही किसी एक सेक्टर पर ज्यादा जोखिम न लेना था। साल 2020 में निवेश शुरू करने के बाद यह उनका पहला रूल्स-बेस्ड पोर्टफोलियो था।


निवेशक के मुताबिक, फरवरी 2021 में चुने गए सभी 12 शेयर मुनाفه में हैं और उनमें से 10 शेयरों ने शुरुआती निवेश को कम से कम दोगुना कर दिया है।

क्या थे स्टॉक सिलेक्शन के कड़े नियम?

स्क्रीनिंग प्रोसेस के दौरान उसने इन मानदंडों को फॉलो किया था:

प्रॉफिटेबिलिटी और ग्रोथ: कंपनियों का रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) और रिटर्न ऑन कैपिटल एंप्लॉयड (ROCE) 15% से अधिक होना चाहिए, साथ ही 5 साल का औसत ROE भी 15% से ज्यादा हो।

मार्जिन और आय: EBITDA और नेट प्रॉफिट मार्जिन 10% से अधिक (5 साल के औसत के साथ)। 5 साल की रेवेन्यू और EPS (अर्निंग्स पर शेयर) ग्रोथ 10% से ज्यादा हो।

बैलेंस शीट और कर्ज: डेट-टू-इक्विटी रेशियो 0 से 1 के बीच, पॉजिटिव फ्री कैश फ्लो और डिविडेंड यील्ड जीरो से ज्यादा हो।

अन्य शर्तें: प्रमोटरों द्वारा गिरवी रखे गए शेयर वाली कंपनियों को बाहर रखा गया। साथ ही, FII, म्यूचुअल फंड और DII की हिस्सेदारी अनिवार्य थी।

इसके अलावा, अंतिम लिस्ट तैयार करते समय P/E रेशियो 30 से कम, शेयर का भाव उसकी 200-दिवसीय मूविंग एवरेज (DMA) से ऊपर और हर सेक्टर में अधिकतम 1 या 2 शेयरों का नियम लागू किया गया। इस तरह 12 शेयरों की फाइनल लिस्ट बनी और बिना किसी अतिरिक्त निवेश या बिकवाली के इन्हें 5 साल तक होल्ड रखा गया।

Cupid का शेयर रहा सबसे बड़ा गेमचेंजर

वैसे कुल पोर्टफोलियो ने लगभग 16.9 गुना रिटर्न दिया, लेकिन इसमें एक शेयर का योगदान सबसे बड़ा रहा। कंडोम बनाने वाली कंपनी 'Cupid' के शेयरों ने मालामाल कर दिया। निवेशक ने लगभग ₹9,000 खर्च कर ₹251 के भाव पर 36 शेयर खरीदे थे, जो आगे चलकर 1:10 स्टॉक स्प्लिट, 1:1 बोनस और 4:1 बोनस जैसे कॉर्पोरेट एक्शन के कारण बढ़कर 3,600 शेयर हो गए और अकेले इस स्टॉक की वैल्यू करीब ₹13 लाख पहुंच गई। क्यूपिड ने कुल पोर्टफोलियो वैल्यू का लगभग 70% हिस्सा अकेले योगदान दिया।

Cupid को हटाने के बाद भी शानदार रिटर्न

अगर क्यूपिड के रिटर्न को हटा भी दिया जाए, तो भी बाकी बचे लगभग ₹1.01 लाख का निवेश बढ़कर ₹5.6 लाख हो गया था, जो करीब 5.6 गुना रिटर्न है। निवेशक ने बताया कि पोर्टफोलियो का मीडियन स्टॉक 3.8 गुना रिटर्न दे चुका है। उनके अधिकांश विनर स्टॉक्स PSU और साइक्लिकल कैटेगरी से थे, जिनमें 2021 से 2024 के बीच जबरदस्त तेजी आई थी।

बाजार की बड़ी गिरावटों में भी बनाए रखा धैर्य

इन 5 वर्षों में Nifty Smallcap 250 इंडेक्स में चार बड़े करेक्शन आए (जैसे- 2022 में 26.9% की गिरावट, 2024-25 में 26.1% की गिरावट आदि), लेकिन निवेशक ने बिना एक भी शेयर बेचे धैर्य के साथ निवेश बनाए रखा। उन्होंने कहा कि पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें सिर्फ एक ही मलाल है कि उन्होंने अपने विनिंग शेयरों में 52-सप्ताह के उच्च स्तर के पास होने के डर से और पैसा नहीं लगाया।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।