एयरलाइन कंपनी स्पाइसजेट के बोर्ड ने 5,500 करोड़ रुपये जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मुश्किलों से जूझ रही कंपनी अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करना चाहती है। एयरलाइन को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, जिनमें वित्तीय और परिचालन संबंधी दिक्कतें शामिल हैं। 18 नवंबर को हुई मीटिंग के बाद एक बयान में कहा गया कि बोर्ड ने एयरलाइन की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने, क्षमता को फिर से बढ़ाने और इसके रिवाइवल के लिए 5,500 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
स्पाइसजेट के मैनेजमेंट को इस प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में काम करने का निर्देश दिया गया है। प्रस्तावित फंड को इक्विटी और अन्य स्वीकृत माध्यमों के जरिए जुटाया जा सकता है। इसके लिए जरूरी मंजूरियां ली जाएंगी।
इसके साथ ही बोर्ड ने स्पाइसजेट की अधिकृत शेयर पूंजी (ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल) 2,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 7,500 करोड़ रुपये करने को भी मंजूरी दे दी है। इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी और आवश्यक रेगुलेटरी अप्रूवल्स लिया जाना अभी बाकी है।
किन चुनौतियों से जूझ रही है SpiceJet
स्पाइसजेट का कहना है कि वह बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल में काम कर रही है। भू-राजनीतिक अस्थिरता और हवाई क्षेत्र (airspace) पर लगी पाबंदियों के कारण ऑपरेशंस पर दबाव है। इसके साथ ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में भारी उछाल आया है। पिछले कुछ महीनों में इसकी कीमतें दोगुनी से भी ज्यादा हो गई हैं, जिससे ऑपरेशनल कॉस्ट काफी बढ़ गई है। कंपनी के अनुसार, जुटाए जा रहे फंड से एयरलाइन को इन चुनौतियों से निपटने, बैलेंस शीट को मजबूत करने, विमानों की संख्या बढ़ाने और परिचालन संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तीय राहत मिलेगी। एयरलाइन को अपना नेटवर्क फिर से बहाल करने और एक मजबूत व टिकाऊ कारोबार बनाने के प्रयासों में भी मदद मिलेगी।
स्पाइसजेट के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अजय सिंह का कहना है कि फंड जुटाने का यह कदम एयरलाइन को फिर से खड़ा करने, इसके ऑपरेशंस को मजबूत बनाने और ब्रांड को रीस्टोर करने का एक अहम मौका देगा।
स्पाइसजेट के शेयर में 18 नवंबर को 5 प्रतिशत की तेजी दिखी और BSE पर 9.97 रुपये पर अपर सर्किट लगा। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक सप्ताह में 26 प्रतिशत चढ़ा है। वहीं एक साल में कीमत 72 प्रतिशत नीचे आई है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।