कमर्शियल व्हीकल कंपनी SML महिंद्रा लिमिटेड के शेयरों में 30 जुलाई को लगातार दूसरे दिन अपर सर्किट लगा। बीएसई पर शेयर 20 प्रतिशत की जबरदस्त तेजी के साथ 5478.60 रुपये पर पहुंच गया। इस तरह शेयर की कीमत 2 दिन में 40 प्रतिशत उछल चुकी है। एक दिन पहले महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) ने घोषणा की थी कि वह अपने ट्रक और बस कारोबार को 525 करोड़ रुपये में एसएमएल महिंद्रा को ट्रांसफर करेगी। इस घोषणा के बाद से शेयर में जबरदस्त खरीद है।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि यह सौदा SML महिंद्रा को दोनों कारोबार को एक साथ बाजार में उतारकर तेजी से विकास करने में मदद करेगा। इसके अलावा, दोनों कंपनियों के कारोबार के बीच तालमेल का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा, जिससे लाभ बढ़ाने में मदद मिलेगी। SML महिंद्रा में महिंद्रा एंड महिंद्रा की हिस्सेदारी करीब 59 प्रतिशत है।
कंपनी के अनुसार, इस रीस्ट्रक्चरिंग का उद्देश्य भारत की चौथी सबसे बड़ी कमर्शियल व्हीकल मैन्युफैक्चरर बनना है। इसके तहत कंपनी ने अपने प्रोडक्ट्स का दायरा बढ़ाने के साथ वित्त वर्ष 2030-31 तक रेवेन्यू को 12,500 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। एसएमएल महिंद्रा और महिंद्रा के ट्रक एवं बस कारोबार का संयुक्त रेवेन्यू वर्तमान में 6,000 करोड़ रुपये से कम है।
SML Mahindra का शेयर 6 महीनों में 60 प्रतिशत मजबूत
SML Mahindra का मार्केट कैप 7900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में लगभग 60 प्रतिशत चढ़ा है। एक्सचेंज फाइलिंग में बताया गया है कि बिजनेस ट्रांसफर एग्रीमेंट (बीटीए) 7 अगस्त को साइन किया जाएगा। इस सौदे को जनवरी, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
M&M ने SML Mahindra में पिछले साल खरीदा था मेजॉरिटी स्टेक
SML Mahindra का पुराना नाम SML Isuzu Ltd (SML) था। महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) की ओर से मेजॉरिटी स्टेक खरीद लेने के बाद यह M&M की सब्सिडियरी बन गई। इस वक्त इस एक्वीजीशन के बाद SML Isuzu का नाम बदलकर SML Mahindra Limited कर दिया गया है। महिंद्रा ने हिस्सेदारी जापान की सुमितोमो कॉरपोरेशन और इसुजु मोटर्स से खरीदी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।